देहरादून , अप्रैल 30 -- उत्तराखंड के जनपद पौड़ी गढ़वाल अंतर्गत श्रीनगर में अलकनंदा नदी में बीते रविवार डूबे एनआईटी के छात्र का शव एसडीआरएफ ने पांचवें दिन गुरुवार को सघन तलाश के दौरान बरामद कर लिया।

मृतक आंध्र प्रदेश का निवासी था। एसडीआरएफ के कमांडेंट आईपीएस अर्पण यदुवंशी ने बताया कि गत 26 अप्रैल को शाम लगभग 16:20 बजे कोतवाली श्रीनगर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि श्रीनगर स्थित अलकनंदा नदी के एनआईटी घाट के पास एक युवक नहाने के दौरान डूब गया है।

सूचना मिलते ही निरीक्षक मंजरी नेगी के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई और सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। उन्होंने बताया कि लापता छात्र की पहचान आनंद सोहम (21) पुत्र सोभन सोहम निवासी आंध्र प्रदेश के रूप में हुई। युवक एनआईटी श्रीनगर में छठे सेमेस्टर का छात्र था।

श्री यदुवंशी ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से निरीक्षक मंजरी नेगी, उप निरीक्षक ललित मोहन भट्ट और अपर उप निरीक्षक तेजपाल राणा के नेतृत्व में टीमें लगातार सर्चिंग में जुटी रहीं। उन्होंने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन में एसडीआरएफ की दो टीमें और आपदा राहत दल (40 पीएसी) की टीम द्वारा संयुक्त रूप से अभियान चलाया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित