देहरादून , सितम्बर 08 -- उत्तराखंड की धर्मनगरी हरिद्वार में अगले वर्ष होने वाले अर्ध कुंभ मेला को देखते हुए केन्द्र सरकार ने राज्य के लिए अतिरिक्त गेहूं और चावल का आवंटन किया है।
उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय ओर से जारी पत्र के अनुसार राज्य को 3,051.079 टन गेहूं तथा 4,978.073 टन चावल अतिरिक्त रूप से आवंटित किया गया है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि केन्द्र सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत कुंभ जैसे बड़े आयोजनों के लिए संबंधित राज्य को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत वार्षिक खाद्यान्न आवंटन का अधिकतम दो प्रतिशत तक अतिरिक्त आवंटन किया जाता है। इसी क्रम में राज्य सरकार ने केंद्र से अतिरिक्त खाद्यान्न आवंटन की मांग की थी। जिसके बाद केन्द्र सरकार के खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग ने उत्तराखंड को कुल 8,029.152 टन गेहूं एवं चावल का अतिरिक्त आवंटन किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित