हैदराबाद , मई 14 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव ने गुरुवार को कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और 'आत्मनिर्भर भारत' के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए जनभागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
यहाँ भाजपा तेलंगाना प्रदेश कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'सप्त सूत्रों' पर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री राव ने नागरिकों से भारत के आर्थिक भविष्य को सुदृढ़ करने के लिए स्थानीय उत्पादों का समर्थन करने, ऊर्जा बचाने और घरेलू निवेश को प्रोत्साहित करने का आग्रह किया।
श्री राव ने कहा कि देशभक्ति का अर्थ दैनिक जीवन में जिम्मेदारी के साथ राष्ट्र की सेवा करना भी है। उन्होंने लोगों से निजी वाहनों के अनावश्यक उपयोग को कम करने और हैदराबाद में मेट्रो रेल तथा सार्वजनिक परिवहन प्रणालियों का अधिक उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कारपूलिंग और इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग से ईंधन बचाने में मदद मिलेगी।
भाजपा नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री के सुझाव आर्थिक सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से हैं। उन्होंने "वोकल फॉर लोकल" पहल के तहत स्थानीय उद्योगों को समर्थन देने का आह्वान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित