बीकानेर , अक्टूबर 30 -- केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुनराम मेघवाल ने शुक्रवार को राजस्थान में बीकानेर जिले के सुजानदेसर में पिपली महादेव मंदिर प्रांगण में सांसद निधि से 15 लाख रुपये की स्वीकृत राशि से निर्मित सार्वजनिक सामुदायिक भवन का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर श्री मेघवाल ने क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास एवं जनसुविधाओं के विस्तार के लिए आगे भी प्रयास जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्य करवाने के लिए सांसद निधि और अन्य माध्यम से अतिरिक्त कार्य कराये जायेंगे। क्षेत्र में विकास कार्यों को और गति देने के लिए हरसंभव प्रयास किये जायेंगे।
इस दौरान श्री मेघवाल ने उपस्थित लोगों को शुभकामनाएं देते हुए सामुदायिक भवन को क्षेत्रवासियों के लिए उपयोगी बताया। सांसद निधि से निर्मित इस सामुदायिक भवन से वार्ड के निवासियों को सामाजिक एवं सामुदायिक आयोजनों के लिए सुविधा उपलब्ध होगी।
कार्यक्रम के दौरान श्री मेघवाल ने भक्ति भाव से "तेरा तुझको अर्पण, क्या लागे मेरा" पंक्तियों का स्मरण करते हुए 'ओम जय जगदीश हरे' आरती का मुखड़ा गाया। साथ ही 'ओम नमः शिवाय' का कीर्तन भी किया। उन्होंने कहा कि देवता सभी के हैं और ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन आपसी सद्भाव तथा सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में पार्षद शिव गहलोत ने केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया तथा क्षेत्रवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित