मोतिहारी , अक्टूबर 21 -- बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के अरेराज में ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के स्थानीय सेवा केंद्र की ओर से आयोजित तीन दिवसीय नवरात्रि महोत्सव आध्यात्मिक प्रवचनों, मां दुर्गा की चैतन्य झांकी और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ संपन्न हो गया।

महोत्सव के अंतिम दिन 12 ब्रह्माकुमारी बहनों को चुनरी ओढ़ाकर, मुकुट पहनाकर और उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं को आंतरिक विकारों पर विजय प्राप्त करने और सकारात्मक जीवन अपनाने का संदेश दिया गया।

देवाधिदेव सोमेश्वरनाथ महादेव की नगरी अरेराज में मुख्य मार्ग के किनारे आयोजित महोत्सव में तीनों दिनों तक बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। देवी स्वरूप में सजी ब्रह्माकुमारी बहनों की चैतन्य झांकी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। महिषासुर वध की नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया गया। इसके अलावा डांडिया, पारंपरिक झिझिया नृत्य और कथक आधारित भाव नृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया।

महोत्सव का उद्घाटन उत्तर बिहार की वरिष्ठ राजयोगिनी बीके मीना दीदी, पूर्व विधायक सुनील मणि तिवारी, बीके अशोक वर्मा, बीके विभा और बीके करुणा बहन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का निर्देशन बीके लक्ष्मी बहन ने किया, जिसमें बीके विभा और बीके करुणा बहन ने सहयोग दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित