रायपुर , मार्च 15 -- छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव चुनावों की अहम जिम्मेदारी निभाने के लिए आज असम रवाना हो गए।
श्री साव को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने असम में नौ विधानसभा क्षेत्रों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
उप मुख्यमंत्री श्री साव आज देर शाम असम के लिए रवाना हुए। अपने एक दिवसीय प्रवास के दौरान वे अपने प्रभार वाले नौ विधानसभा क्षेत्रों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे तथा आगामी चुनाव को लेकर रणनीति तैयार करेंगे।
बताया जा रहा है कि बैठक में संगठन को मजबूत करने, चुनाव प्रबंधन और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। उप मुख्यमंत्री अपने प्रभार वाले सभी विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी तैयारियों की समीक्षा भी करेंगे।
पार्टी नेतृत्व ने उन्हें इन क्षेत्रों में संगठनात्मक समन्वय और चुनावी रणनीति को प्रभावी ढंग से लागू करने की जिम्मेदारी दी है, जिसके तहत वे स्थानीय पदाधिकारियों से सीधे संवाद कर आगामी चुनाव के लिए मार्गदर्शन देंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित