चंडीगढ़ , नवंबर 10 -- हरियाणा विद्युत नियामक आयोग (एचईआरसी) के नवनियुक्त अध्यक्ष अरुण कुमार गुप्ता ने मंगलवार को हरियाणा निवास में आयोजित समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने उन्हें शपथ दिलाई। इस दौरान गुप्ता ने आयोग के अध्यक्ष के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और निष्पक्षता से करने का संकल्प लिया।

श्री गुप्ता हरियाणा कैडर के 1992 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी हैं और पिछले महीने सेवानिवृत्त हुए हैं। अपने प्रशासनिक कार्यकाल के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव और वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सहित कई अहम जिम्मेदारियां संभालीं। इसके अलावा एचईआरसी के सचिव और बिजली निगमों के प्रबंध निदेशक के रूप में भी सेवाएं दी हैं। उन्हें ऊर्जा क्षेत्र के कामकाज का व्यापक अनुभव है।

हरियाणा विद्युत नियामक आयोग प्रदेश में बिजली क्षेत्र को व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के साथ उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाता है। आयोग बिजली की दरें तय करने, आपूर्ति की गुणवत्ता सुधारने, उपभोक्ता अधिकारों की रक्षा करने और नवीकरणीय ऊर्जा को प्रोत्साहित करने से जुड़े कार्य करता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित