ईटानगर , अगस्त 12 -- अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने बुधवार को मेडिकल स्पेशलिस्ट भर्ती परीक्षा-2026 के माध्यम से चयनित 72 विशेषज्ञ चिकित्सकों को नियुक्ति आदेश सौंपे और कहा कि उनकी नियुक्ति से राज्य में विशेषीकृत स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

श्री खांडू ने नवनियुक्त चिकित्सकों को संबोधित करते हुए कहा कि भर्ती से विशेष रूप से दूरदराज और स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं को मजबूत करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने हाल के वर्षों में विशेषज्ञ चिकित्सकों, सामान्य ड्यूटी चिकित्सा अधिकारियों (जीडीएमओ), नर्सों, प्रयोगशाला तकनीशियनों, फार्मासिस्टों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की भर्ती के माध्यम से स्वास्थ्य क्षेत्र में मानव संसाधन की कमी को काफी हद तक दूर किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि टोमो रीबा इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ एंड मेडिकल साइंसेज (टीआरआईएचएमएस) में विशेषज्ञ चिकित्सकों के 35 पद, सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञों के 61 पद और जीडीएमओ के 79 पद अभी भी रिक्त हैं, जिन्हें जल्द भरा जाएगा। श्री खांडू ने विशेषज्ञ डॉक्टरों से कहा कि वे अपनी नियुक्ति को उन लोगों की सेवा के अवसर के रूप में देखें, जिन्हें उन्नत चिकित्सा सुविधाओं तक सीमित पहुंच उपलब्ध है। उन्होंने कहा, "हमारा लक्ष्य होना चाहिए कि हमारे लोगों को हर तरह का इलाज राज्य के भीतर ही उपलब्ध हो।"श्री खांडू ने भौगोलिक रूप से चुनौतीपूर्ण राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि अरुणाचल प्रदेश में वर्तमान में छह जोनल अस्पताल, 17 जिला अस्पताल, 57 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, 162 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और 647 उप-स्वास्थ्य केंद्र हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी दूरदराज गांव में रहने वाले मरीज को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा पाने का वही अधिकार मिले, जो ईटानगर या किसी अन्य शहरी केंद्र के निवासी को प्राप्त है।

चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में हुई प्रगति का उल्लेख करते हुए श्री खांडू ने कहा कि वर्ष 2017 में 50 एमबीबीएस सीटों के साथ शुरू हुए टीआरआईएचएमएस में अब प्रतिवर्ष 100 विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाता है। उन्होंने कहा कि संस्थान के तीन बैच अब तक स्नातक हो चुके हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित