ईटानगर , दिसंबर 11 -- अरुणाचल प्रदेश के अनजवा जिले में एक मिनी ट्रक के गहरी खाईं में गिरने से कम से कम 21 लोगों की मौत होने की आशंका है। यहां देर से मिली खबरों के अनुसार यह दुर्घटना आठ दिसंबर को हुई। वाहन में चालक समेत 22 लोग सवार थे जिसमें से एक व्यक्ति जीवित मिला है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस हादसे में लोगों की जान जाने से दुख प्रकट किया है और प्रत्येक मृत व्यक्ति के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि और घायल को 50,000 रुपये की सहायता दिये जाने की घोषणा की है।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर शोक संदेश में कहा, "अरुणाचल प्रदेश के अनजवा जिले में एक हादसे में लोगों की जान जाने से दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करता हूं। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से हर मृतक के परिवार को दो लाख रुपये का मुआवज़ा दिया जाएगा। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।"इस बीच असम सरकार के अधिकारियों ने बताया कि अरुणाचल प्रदेश के अनजवा जिले में हुई इस दुर्घटना में राज्य के तिनसुकिया जिले के कम से कम 21 लोगों की मृत्यु की आशंका है। ट्रक में चालक सहित 22 लोग मजदूर सवार थे। यह ट्रक हयूलियांग चागलागम सड़क के किनारे एक गहरी खाईं में पलट गया ।

तिनसुकिया के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मयंक कुमार ने बताया कि अरुणाचल प्रदेश के अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार आठ दिसंबर को इस दुर्घटना में 21 लोगों के मारे जाने की आशंका है और एक व्यक्ति बच गया है।

श्री कुमार ने कहा, "सभी व्यक्ति असम के तिनसुकिया जिले के रहने वाले हैं।" प्राप्त जानकारी के मुताबिक, ट्रक सड़क से फिसलकर एक गहरी खाई में गिर गया।

प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार, सभी लोग निर्माण कार्य के लिए हायुलियांग जा रहे थे। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी (प्रभारी) के अनुसार, अब तक एक जीवित व्यक्ति को चिकित्सा उपचार के बाद उसे असम के अधिकारियों को सौंप दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित