ईटानगर , जनवरी 26 -- अरुणाचल प्रदेश की राजधानी ईटानगर के इंदिरा गांधी पार्क में सोमवार को देशभक्ति की भावना के साथ 77वां गणतंत्र दिवस मनाया। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) केटी परनाइक ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और जनता को संबोधित किया।
राज्यपाल ने गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए गणतंत्र के मार्गदर्शक के रूप में देश के संविधान के महत्व पर बल दिया और संविधान के संस्थापकों, स्वतंत्रता सेनानियों, सशस्त्र बलों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और राज्य पुलिस के बहादुर कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की, जो राष्ट्र की संप्रभुता की रक्षा करते हैं।
भारत की राष्ट्रीय उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि 'आत्मनिर्भर भारत' की परिकल्पना के तहत देश अवसंरचना, वित्तीय समावेशन, खाद्य सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवा और शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियों के साथ दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ती हुई प्रमुख अर्थव्यवस्था के रूप में उभरा है।
उन्होंने कहा कि अरुणाचल प्रदेश अपनी रणनीतिक स्थिति, सांस्कृतिक विविधता एवं प्राकृतिक संसाधनों के कारण राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
राज्य के विकास की बात करते हुए राज्यपाल ने कहा कि अरुणाचल प्रदेश ने लगातार आर्थिक प्रगति दर्ज की है, पिछले दशक में सकल घरेलू उत्पाद में 2.6 गुना वृद्धि हुई है और राज्य के राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
उन्होंने इस बात पर बल दिया कि राज्य में शासन व्यवस्था योजना पर केंद्रित नहीं रही बल्कि परिणाम आधारित सुधारों की ओर अग्रसर हो गई है, जो जन केंद्रित विकास पर आधारित है।
राज्यपाल ने स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, युवा रोजगार, खेल और सांस्कृतिक विकास के क्षेत्र में की गई प्रमुख पहलों पर प्रकाश डाला। उन्होंने चिकित्सा शिक्षा और कैशलेस स्वास्थ्य योजनाओं के विस्तार, 'मिशन शिक्षित अरुणाचल 2029' के अंतर्गत सुधारों, महिला स्वयं सहायता समूहों के विकास, स्टार्टअप को प्रोत्साहन और राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में राज्य के एथलीटों के उत्कृष्ट प्रदर्शन का उल्लेख किया।
राज्यपाल ने सड़क संपर्क, जलविद्युत विकास, हवाई संपर्क, आवास एवं पेयजल उपलब्धता में हुई तीव्र प्रगति पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि 55,000 करोड़ रुपये की फ्रंटियर हाईवे, वाइब्रेंट विलेजेज प्रोग्राम और जलविद्युत विस्तार जैसी प्रमुख परियोजनाएं संपर्क, ऊर्जा सुरक्षा और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करेंगी।
राज्यपाल ने कृषि सुधारों, बागवानी विस्तार, पर्यावरण के अनुकूल पर्यटन, नवीकरणीय ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण सहित हरित पहलों के माध्यम से सतत आर्थिक विकास पर बल दिया।
श्री परनाइक ने नागरिकों से विकास में सक्रिय भागीदार बनने, संवैधानिक मूल्यों का पालन करने और पर्यावरण की रक्षा करने का आह्वान किया। उन्होंने आशा व्यक्त किया कि एकता, सशक्त संस्थाओं और युवाओं द्वारा संचालित नवाचार द्वारा अरुणाचल प्रदेश विकसित भारत और विकसित अरुणाचल के दृष्टिकोण की ओर निरंतर प्रगति करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित