नयी दिल्ली , जुलाई 21 -- अरुणाचल प्रदेश में मतदाता सूची की विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के पहले चरण में घर-घर जा कर मतदाता गणना-प्रपत्र भरवाये जाने के दौरान करीब 7,18,046 मतदाताओं के फार्म प्राप्त हुए जो पुरानी सूची में दर्ज कुल 8,87,505 नामों के 80.91 प्रतिशत है। यह जानकारी चुनाव आयोग ने मंगलवार को राज्य के मुख्य चुनाव कार्यालय के हवाले से दी।
आयोग के अनुसार सूची में दर्ज 78,980 मतदाता (8.90 प्रतिशत) राज्य से स्थायी रूप से बाहर चले गये हैं तथा 54,678 (6.16 प्रतिशत) मतदाता अनुपस्थित या लापता पाये गये । पुरानी सूची के 25,573 मतदाताओं ( 2.88 प्रतिशत) की मृत्यु हो चुकी है तथा 4947 (0.56 प्रतिशत) मतदाताओं के नाम पहले से कहीं दर्ज थे। इस दौरान 5281 मतदाताओं (0.60 प्रतिशत) ने अन्य कारणों से गणना फार्म नहीं भरा।
गणना फार्म भरवाने और प्राप्त करने का काम 15 जून से 14 जुलाई तक चला। इस काम में राज्य के 26 चुनाव जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारियों, 60 मतदाता पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओ), 206 सहायक मतदाता पंजीकरण अधिकारियों , 248 बूथ स्तरीय अधिकारियों के सुपरवाइजरों और 2233 बूथ स्थतीय अधिकारी (बीएलओ) लगे थे।
आयोग के तय कार्यक्रम के अनुसार अरुणाचल प्रदेश की मतदाता सूची का मसौदा 21 जुलाई को जारी किया गया। मसौदा सूची पर दावे और अपत्तियां 20 अगस्त तक दर्ज करायी जा सकेंगी। इन दावों और आपत्तियों पर नोटिस जारी किये जाने और उनके निस्तारण की प्रक्रिया 21 जुलाई से 18 सितंबर तक चलेगी।
आयोग की ओर से अरुणाचल प्रदेश में एसआईआर प्रक्रिया के आधार पर नयी पक्की सूची का प्रकाशन 22 सितंबर, 2026 को किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित