ईटानगर , फरवरी 21 -- भारतीय सेना ने अरुणाचल प्रदेश के 40वें राज्य स्थापना दिवस को पूरे उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाया।
सुबनसिरी वैली के दापोरिजो और ऊपरी सुबनसिरी जिले के पहले गांव ताकसिंग सहित विभिन्न क्षेत्रों में समारोह आयोजित किए गए। यह आयोजन स्पीयरहेड डिवीजन (स्पीयर कोर) के नेतृत्व में हुआ, जिसमें सेना, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), राज्य पुलिस, नागरिक प्रशासन और स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी रही। इस अवसर ने सीमावर्ती क्षेत्रों में सशस्त्र बलों और नागरिकों के बीच मजबूत संबंधों को दर्शाया।
कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण समारोह से हुई, जिसके बाद राष्ट्रगान और वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया गया। दापोरिजो में स्पीयरहेड डिवीजन के जवानों ने स्वास्थ्य जांच शिविर और रस्साकशी प्रतियोगिता का आयोजन कर सामुदायिक कल्याण और सिविल-मिलिट्री सहयोग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
समारोह के दौरान माहौल एस समय उत्साह से गूंज उठा, जब स्थानीय समुदायों ने पारंपरिक जनजातीय नृत्यों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राज्य की समृद्ध एवं विविध सांस्कृतिक विरासत की आकर्षक झलक पेश की।
स्वास्थ्य शिविर में आसपास के क्षेत्रों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सेना की मेडिकल टीम द्वारा प्रदान की गई परामर्श व बुनियादी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। इस पहल का उद्देश्य दूरदराज के इलाकों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच सुदृढ़ करना था।
चालीसवें राज्य स्थापना दिवस का यह आयोजन सीमाओं की सुरक्षा के साथ-साथ विकास, सद्भाव और एकता को बढ़ावा देने में सशस्त्र बलों और स्थानीय समुदाय के बीच मजबूत साझेदारी का प्रतीक रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित