ईटानगर , सितंबर 22 -- अरुणाचल प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने मंगलवार को विशेष गहन संशोधन (एसआईआर) प्रक्रिया पूरी होने के बाद राज्य की सभी 60 विधानसभा सीटों के लिए अंतिम फोटो मतदाता सूची जारी कर दी।

अंतिम सूची के अनुसार राज्य में कुल मतदाताओं की संख्या 6,96,026 है, जिनमें 3,43,709 पुरुष, 3,52,315 महिला और दो थर्ड-जेंडर मतदाता शामिल हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी पवन कुमार सैन के अनुसार, निर्वाचन आयोग के निर्देशों पर जून में शुरू हुए इस संशोधन से पहले राज्य में कुल 8,87,505 मतदाता थे। बीएलओ के माध्यम से वितरित गणना प्रपत्रों में से 7,18,046 फॉर्म वापस प्राप्त हुए थे, जिसके बाद अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और दोहरे नामों वाली श्रेणियों के तहत 1,69,459 मतदाताओं को सूची से बाहर किया गया। इसके बाद 21 जुलाई को प्रकाशित प्रारूप सूची में प्राप्त दावों और आपत्तियों की सुनवाई तथा सत्यापन के बाद 8,803 नए नाम जोड़े गए । इसमें 1,924 नाम हटाए गए और 28,899 आवेदकों के दस्तावेज अमान्य पाए गए।

अंतिम मतदाता सूची को निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों, सहायक ईआरओ और बीएलओ के कार्यालयों के साथ-साथ मुख्य निर्वाचन अधिकारी की आधिकारिक वेबसाइट पर देखा जा सकता है। इसके अलावा 5,552 सेवा मतदाताओं की अंतिम सूची भी जारी कर दी गई है।

निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी के निर्णय के विरुद्ध अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के 15 दिनों के भीतर ज़िला मजिस्ट्रेट के समक्ष अपील दायर की जा सकती है। इसके बाद, ज़िला मजिस्ट्रेट के आदेश के 30 दिनों के भीतर मुख्य निर्वाचन अधिकारी के समक्ष दूसरी अपील की जा सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित