ईटानगर , सितंबर 05 -- अरुणाचल प्रदेश के दिरांग स्थित राष्ट्रीय पर्वतारोहण एवं साहसिक खेल संस्थान (निमास) ने लद्दाख में 6,000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाली 20 ऐसी चोटियों पर पहली बार सफल आरोहण कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है, जिन पर पहले कोई पर्वतारोही नहीं पहुंचा था। यह अभियान महज 23 दिनों में पूरा किया गया।
निमास के निदेशक कर्नल रणवीर सिंह जामवाल के नेतृत्व में अभियान दल ने इन सभी 20 चोटियों पर पहली बार सफलतापूर्वक आरोहण किया। इसे भारतीय पर्वतारोहण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है और इससे अरुणाचल प्रदेश स्थित इस संस्थान की क्षमताएं भी सामने आयी हैं। अभियान दल में अरुणाचल प्रदेश के लोबसांग तेनजिन बापू, दोरजी खांडू, तेनजिंग दावा, ताशी मराकपा, दोरजी त्सेरिंग, सांगे त्सेरिंग, कोन त्सेरिंग, सांग खांडू और लेकी पासांग शामिल थे।
निमास के अनुसार, इन युवाओं की भागीदारी ऊंचाई वाले पर्वतारोहण और साहसिक खेलों में अरुणाचल प्रदेश के युवाओं की क्षमता तथा संस्थान के माध्यम से उनके लिए पैदा हो रहे अवसरों को दर्शाती है।
कर्नल जामवाल को पर्वतारोहण का दो दशक से अधिक का अनुभव है और वह 80 से अधिक अभियानों का हिस्सा रह चुके हैं। उन्होंने कई चुनौतीपूर्ण उच्च पर्वतीय अभियानों का नेतृत्व किया है। वह माउंट एवरेस्ट पर तीन बार चढ़ने वाले एकमात्र भारतीय हैं। वह सातों महाद्वीपों की सर्वोच्च चोटियों पर आरोहण पूरा कर चुके हैं और भारत के सभी 28 राज्यों की सर्वोच्च चोटियों पर भी चढ़ाई कर चुके हैं। उन्हें दो विश्व रिकॉर्ड, दो एशियाई रिकॉर्ड और चार भारतीय रिकॉर्ड के अलावा कई राष्ट्रीय सम्मान मिल चुके हैं। उन्हें 2012 में तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार, 2017 में भारतीय पर्वतारोहण फाउंडेशन स्वर्ण पदक और 2025 में मैकग्रेगर मेमोरियल पदक से सम्मानित किया गया।
निमास के निदेशक का पद संभालने के बाद से कर्नल जामवाल ने संस्थान की अभियान और प्रशिक्षण क्षमताओं को मजबूत करने तथा युवाओं के लिए साहसिक खेलों में अवसर बढ़ाने पर ध्यान दिया है। संस्थान ने पर्वतारोहण, नदी में राफ्टिंग और अन्य साहसिक गतिविधियों में अभियान तथा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए हैं और स्थानीय युवाओं की भागीदारी को बढ़ावा दिया है। निमास ने एक बयान में कहा कि लद्दाख का यह अभियान तीन वर्षों में उसका लगातार तीसरा विश्व रिकॉर्ड है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित