ईटानगर , नवंबर 4 -- अरुणाचल प्रदेश के जीरो घाटी के किसानों ने राज्य में फूलों की खेती के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। जिले में स्थानीय स्तर पर उगाए गए गुलदाउदी के फूलों की 3,000 से ज्यादा की खेप राजधानी दिल्ली भेजी गई है।

इससे पहले जिले के स्थानीय बाजार में भी 800 से अधिक गुलदाउदी के गुच्छे बेचे जा चुके हैं। इससे इस इलाके में पुष्प कृषि की बढ़ती बाजार संभावनाओं का पता चलता है। इन फूलों की खेती केंद्र प्रायोजित योजना 'एकीकृत बागवानी विकास मिशन' के सहयोग से और जिला बागवानी अधिकारी हिबू दांते के तकनीकी मार्गदर्शन में हुई है।

जीरो-हापोली के विधायक हेज अप्पा ने बागवानी सचिव कोज रिनिया, निचले सुबनसिरी जिला परिषद अध्यक्ष हिबू दूमी, बागवानी निदेशक तोबोम बाम और उपायुक्त ओली पेर्मे की गरिमामयी उपस्थिति में मिनी सचिवालय, जीरो से इस खेप को औपचारिक रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

समारोह को संबोधित करते हुए श्री रिनिया ने कहा कि विभाग किसानों को वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों और गुणवत्ता सुधार का बाजार-उन्मुख प्रशिक्षण प्रदान कर रहा है। राज्य सरकार अपनी विविध कृषि-जलवायु परिस्थितियों का लाभ उठाकर पुष्प कृषि का विस्तार करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है। विभाग ने तकनीकी प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण के लिए सीएसआईआर-हिमालयी जैवसंसाधन प्रौद्योगिकी संस्थान, पालमपुर (हिमाचल प्रदेश) के साथ भी साझेदारी की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित