सहारनपुर , अप्रैल 21 -- उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में नवागत जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने मंगलवार को कोषागार पहुंचकर जिलाधिकारी पद का कार्यभार ग्रहण किया।

भारतीय प्रशासनिक सेवा के वर्ष 2015 बैच के अधिकारी श्री चौहान इससे पूर्व जिलाधिकारी शामली के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी बहराईच, प्रयागराज विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष, समाज कल्याण विभाग में विशेष सचिव, उत्तर प्रदेश बिल्डिंग एंड अदर कंस्ट्रक्शन वर्कर वेलफेयर बोर्ड में सचिव तथा मिर्जापुर और आजमगढ़ में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के रूप में भी सेवाएं दी हैं।

कार्यभार ग्रहण करने के बाद श्री चौहान ने कहा कि उनकी प्राथमिकता शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं का समाधान संबंधित स्तर पर ही सुनिश्चित कराना रहेगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार और भारत सरकार के जनपद में संचालित महत्वपूर्ण परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जन शिकायतों के प्रभावी और समयबद्ध निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं को पूरी तरह धरातल पर उतारते हुए पात्र व्यक्तियों तक लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जाएगा। श्री चौहान ने कहा कि सहारनपुर एक प्रगतिशील जनपद है और सभी के सहयोग से इसे विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा।

कार्यभार ग्रहण के अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सलिल कुमार पटेल, अपर जिलाधिकारी न्यायिक राम आसरे वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह, मुख्य कोषाधिकारी सूरज कुमार सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित