अररिया , अगस्त 20 -- बिहार के अररिया जिले में कुर्साकांटा थाना की पुलिस ने गुरुवार की सुबह 240.29 किलोग्राम गांजा बरामद कर चार तस्करों को गिरफ्तार किया है।पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार ने बताया कि कुर्साकांटा थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि चार पहिया वाहनों से मादक पदार्थों की बड़ी खेप ले जायी जा रही है। सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष रोहित कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महेशखूंट गांव के पास घेराबंदी की। इस दौरान एक पिकअप वाहन और उसके आगे चल रही कार को रोककर तलाशी ली गयी। पिकअप वाहन से 18 बंडलों में रखा कुल 240.29 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पिकअप वाहन के आगे चल रही कार पर सवारचार तस्करों को गिरफ्तार किया गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बरदाहा थाना क्षेत्र के कौआखोह गांव निवासी बबलू कुमार विश्वास और छोटू रजक, कुआड़ी थाना क्षेत्र के ढरहापीपर गांव निवासी मोहम्मद शाहरुख आलम तथा कुर्साकांटा थाना क्षेत्र के कपड़फोड़ा गांव निवासी प्रवीण कुमार सिंह के रूप में की गयी है।बरामद गांजा की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये है।पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित