अररिया , अक्टूबर 11 -- बिहार के अररिया जिले में रविवार दोपहर स्मैक तस्करों को पकड़ने गई पटना विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की टीम पर तस्करों और उनके समर्थकों ने जानलेवा हमला कर दिया।

नरपतगंज फोरलेन पर थलहा नहर के समीप हुई इस घटना में छह जवान घायल हो गए, जबकि एसटीएफ के दो वाहनों को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया।

घटना के दौरान दोनों ओर से करीब 10 राउंड फायरिंग होने की भी सूचना है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कटिहार से गिरफ्तार किए गए एक तस्कर की निशानदेही पर एसटीएफ की टीम ने देवीगंज से दो आरोपियों को हिरासत में लिया था। इसके बाद टीम बरामदगी के सिलसिले में खैरा गढ़िया फोरलेन पर पहुंची। इसी दौरान खैरा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि उमर फारूक के उकसाने पर उपद्रवियों ने जवानों पर लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला कर दिया।

हमले में घायल जवानों की पहचान अमरजीत कुमार भारद्वाज, नीरज कुमार, लोकेश कुमार, राम जुलम कुमार, मंजेश कुमार और रुपेश कुमार के रूप में हुई है। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, अररिया भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से तीन आरोपियों दयानंद साह, राजकुमार साह और जुल्फिकार को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, इस दौरान एक तस्कर को भीड़ छुड़ाकर ले जाने में सफल रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित