अररिया , अक्टूबर 02 -- बिहार के अररिया जिले में पूर्ण शराबबंदी के बीच शुक्रवार को अररिया-रानीगंज मुख्य मार्ग पर रानीगंज थाना क्षेत्र के खरहट टोल प्लाजा के समीप विदेशी शराब की खेप लेकर जा रही एक मिनी ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई, जिसके बाद वाहन में लदी शराब की बोतलें और कार्टन लूटने की होड़ मच गयी।

इस दुर्घटना के बाद वाहन चालक तथा शराब तस्कर मौके से फरार हो गये।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार मिनी ट्रक अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गयी और डिवाइडर पर चढ़कर क्षतिग्रस्त हो गयी। दुर्घटना के बाद ट्रक में छिपाकर ले जायी जा रही विदेशी शराब की पेटियां और बोतलें सड़क पर बिखर गयीं। इसके बाद आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ मौके पर जुट गयी। कई लोग शराब की बोतलें और कार्टन समेटकर ले जाने लगे, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गयी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद ट्रक में सवार चालक और तस्कर मौका पाकर फरार हो गये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित