अररिया, जून 13 -- बिहार में अररिया जिले की पुलिस ने 518 ग्राम स्मैक के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है।अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सुशील कुमार ने शनिवार को बताया कि पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और खरीद-बिक्री पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बैरगाछी थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि रामपुर मोहनपुर पूर्वी में स्मैक की बड़ी खेप की डिलीवरी होने वाली है।सूचना के आधार पर पुलिस ने रामपुर मोहनपुर पूर्वी स्थित फिरोज के मुर्गी फार्म के समीप छापेमारी की। वहां स्कॉर्पियो और एक मोटरसाइकिल खड़ी मिली। पुलिस को देखकर वाहन सवार भागने लगे, लेकिन पुलिस बल ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया।

एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पश्चिम बंगाल के मालदा जिले निवासी मो. लादेन मोमीन तथा अब्दुल गफ्फार के रूप में हुई है। दोनों पश्चिम बंगाल से स्कॉर्पियो वाहन में स्मैक की खेप लेकर अररिया पहुंचे थे।तलाशी के दौरान मो. लादेन के पास से तीन पैकेटों में 310 ग्राम स्मैक तथा अब्दुल गफ्फार के पास से दो पैकेटों में 208 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इस प्रकार कुल 518 ग्राम स्मैक जब्त की गई।जब्त स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 50 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक स्कॉर्पियो, एक मोटरसाइकिल तथा दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित