अररिया , मई 27 -- बिहार के अररिया जिले में स्मैक तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पलासी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 193 ग्राम स्मैक, 44 हजार 600 रुपये नकद, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और अन्य सामान के साथ एक धंधेबाज को गिरफ्तार किया है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सुशील कुमार ने बुधवार को प्रेसवार्ता में बताया कि एसपी जितेन्द्र कुमार के निर्देश पर जिले में "ऑपरेशन प्रहार" चलाया जा रहा है, जिसके तहत सूखा नशा कारोबारियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों के बाद अब ग्रामीण इलाकों में भी स्मैक तस्करी तेजी से फैल रही है, जिससे युवाओं में नशे की लत बढ़ रही है।उन्होंने बताया कि मंगलवार देर शाम पलासी थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि पोठिया निवासी राहुल यादव अपने घर में भारी मात्रा में स्मैक रखकर छोटी-छोटी पन्नियों में पैक कर बिक्री करता है। सूचना के आधार पर विशेष छापेमारी टीम का गठन कर राहुल यादव के घर पर छापेमारी की गई।
श्री कुमार ने बताया कि छापेमारी के दौरान पुलिस को देखकर राहुल यादव पीछे का दरवाजा तोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। वहीं स्मैक खरीदने पहुंचे एक व्यक्ति को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार व्यक्ति ने अपना नाम मोहम्मद अफाक बताया।तलाशी के दौरान कमरे से 12 पोटलियों में रखी कुल 193 ग्राम स्मैक, 44 हजार 600 रुपये नकद, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू, सैमसंग मोबाइल फोन, पैकिंग में इस्तेमाल होने वाला चाकू और कैंची तथा एक अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई। सभी सामान को जब्त कर थाना लाया गया।इस मामले में पलासी थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
एसडीपीओ ने बताया कि फरार मुख्य आरोपी राहुल यादव की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।उन्होंने बताया कि गिरफ्तार मोहम्मद अफाक का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ पलासी थाना में पूर्व से पांच मामले दर्ज हैं, जिनमें मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत भी केस शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित