अररिया , जून 03 -- बिहार में अररिया जिले की पुलिस ने 708.7 ग्राम स्मैक के साथ दो अंतरजिला तस्करों को गिरफ्तार किया है। सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सुशील कुमार ने बुधवार को बताया कि गिरफ्तार तस्करों की पहचान सहरसा जिले के बलुआ हाट थाना क्षेत्र के सरोजा वार्ड संख्या-9 निवासी रंधीर कुमार तथा बिहरा थाना क्षेत्र के नन्दलाली गांव निवासी गुड्डू कुमार के रूप में हुई है।उन्होंने बताया कि पटना विशेष कार्य बल (एसटीएफ)से सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल से स्मैक की खेप लेकर दो युवक जोकीहाट के रास्ते सहरसा जा रहे हैं। सूचना के आधार पर नगर थाना पुलिस और दंडाधिकारी की मौजूदगी में एनएच-27 स्थित गोढ़ी चौक के समीप वाहनों की जांच शुरू की गई।जांच के दौरान फारबिसगंज की ओर जा रही एक बस से उतरकर दोनों संदिग्ध भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस ने खदेड़कर उन्हें पकड़ लिया।तलाशी लेने पर रंधीर कुमार के पास से 308 ग्राम तथा गुड्डू कुमार के पास से 400.7 ग्राम स्मैक बरामद की गई।
श्री कमर ने बताया कि पुलिस पूछताछ में दोनों ने पश्चिम बंगाल के एक तस्कर मुस्तफा से स्मैक खरीदकर सहरसा ले जाने की बात स्वीकार की है। पुलिस मामले की जांच कर तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान में जुटी है।
एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार गुड्डू कुमार का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ सहरसा जिले के बिहरा थाना में पूर्व से दो मामले दर्ज हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित