अररिया , जून 20 -- उत्तरप्रदेश के नोएडा से असम के गुवाहाटी जा रहे कंटेनर से करोड़ों रुपये के मोबाइल फोन और मोबाइल पार्ट्स गायब होने के मामले में अररिया पुलिस ने हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश पुलिस के सहयोग से तीन करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मोबाइल फोन बरामद कर अंतरराज्यीय संगठित गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है।पुलिस अधीक्षक (एसपी) जितेंद्र कुमार ने शनिवार को यहां बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में हरियाणा के नूंह निवासी अनवर उर्फ अनवारुल, दिल्ली के शाहदरा निवासी दीपक गुप्ता, उत्तर प्रदेश के मथुरा निवासी साहिल तथा कामिल उर्फ कमी शामिल हैं। आरोपियों के पास से दो कार, एक लैपटॉप और सीपी प्लस का डीवीआर भी जब्त किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने अब तक रियलमी कंपनी के 489 और ओप्पो कंपनी के 317 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके अलावा 97 अन्य मोबाइल फोन की बरामदगी कर उन्हें अररिया लाया जा रहा है। बरामदगी दिल्ली, मथुरा तथा हरियाणा के नूंह और पलवल क्षेत्रों से की गई है।
एसपी ने बताया कि हरियाणा के पलवल निवासी मोहम्मद साहिब और मोहम्मद तालीम छह जून को ग्रेटर नोएडा से कंटेनर लेकर निकले थे। सात जून से दोनों ने ट्रांसपोर्टर का फोन उठाना बंद कर दिया था।चालक कंटेनर को नगर थाना क्षेत्र के जीरो माइल के पास लावारिस हालत में छोड़कर फरार हो गया था।bट्रांसपोर्टर की शिकायत पर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद मामले के उद्भेदन और मोबाइल की बरामदगी के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था। एसआईटी की दो अलग-अलग टीमों ने हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में अभियान चलाकर आरोपियों को गिरफ्तार किया।जांच में सामने आया कि चालक और खलासी ने गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर बिहार पहुंचने से पहले ही उत्तर प्रदेश की सीमा में कंटेनर की सील तोड़ दी थी और मोबाइल फोन के बॉक्स निकाल लिए थे। गोरखपुर के निकट एक टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज में कंटेनर का लॉक पहले से खुला पाया गया, जिससे चोरी की पुष्टि हुई।
श्री कुमार ने बताया कि कंटेनर में कुल 1,143 मोबाइल सेट के पैकेट थे, जिनमें से 531 पैकेट सुरक्षित मिले, जबकि 612 पैकेट गायब थे।उन्होंने कहा कि यह एक अंतरराज्यीय संगठित गिरोह है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और शेष मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए पुलिस की विशेष टीम लगातार छापेमारी कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित