अररिया , जून 07 -- बिहार सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तथा अररिया के प्रभारी मंत्री डॉ. रामचंद्र प्रसाद की अगुवाई में रविवार को अररिया आरएस स्थित रहिकपुर सुरक्षित वन क्षेत्र में 10 हजार फलदार एवं छायादार पौधे लगाए गए। एक दिन में इतने बड़े पैमाने पर पौधरोपण को जिले में एक रिकॉर्ड उपलब्धि माना जा रहा है।

वन प्रमंडल पदाधिकारी चंचल प्रकाशम के संयोजन में आयोजित पौधारोपण अभियान के दौरान डॉ. प्रसाद ने लोगों से 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार मां नि:स्वार्थ भाव से अपने बच्चों का पालन-पोषण करती है, उसी तरह पेड़-पौधे भी मानव जीवन को ऑक्सीजन और पर्यावरणीय संतुलन प्रदान करते हैं, इसलिए प्रत्येक नागरिक को कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करनी चाहिए।

वन प्रमंडल पदाधिकारी चंचल प्रकाशम ने बताया कि रहिकपुर मैदान में स्कूलों के छात्र-छात्राओं, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवानों, बिहार पुलिस के कर्मियों तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं के सहयोग से 10 हजार पौधों का रोपण किया गया।

इस महाअभियान में मोहिनी देवी मेमोरियल विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों के अलावा ब्रह्माकुमारी संस्था की उर्मिला बहन, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा, पूर्व जिलाध्यक्ष संतोष सुराना तथा बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, एसएसबी और पुलिस के जवान शामिल हुए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित