अररिया , मई 02 -- बिहार में अररिया जिले की पुलिस ने एक किलो 35 ग्राम स्मैक के साथ चार धंधेबाजों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधीक्षक (एसपी)जितेंद्र कुमार ने शनिवार को बताया कि अररिया थाना क्षेत्र में पुलिस टीम से मिले इनपुट के बाद शुक्रवार की शाम अररिया-पूर्णिया फोरलेन पर कुसियारगांव स्थित न्यू मरंगा ढावा के समीप बंगाल नंबर की एक संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गयी। तलाशी के दौरान कार से एक किलो 35 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।इस दौरान कार में सवार चार धंधेबाजों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार धंधेबजों की पहचान पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कालियाचक थाना क्षेत्र निवासी मो. उमेर अली, मो.रोहित शेख, सबीरुल शेख एवं सदीकुल के रूप में की गयी।जब्त अवैध स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ से अधिक बतायी जाती है। आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन बरामद किये गये हैँ।

एसपी जितेंद्र कुमार ने बताया कि अररिया के बड़े सप्लायर जीरोमाइल इस्तमाटोला के रहने वाले हैदर की बहन लीलो को स्मैक की खेप आपूर्ति की जानी थी हैदर को अररिया पुलिस ने 26 अप्रैल को ही जीरोमाइल से गिरफ्तार कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।बताया जाता है कि हैदर के जेल जाने के बाद स्मैक के धंधे को उसकी बहन लीलो संभाल रही थी।

एसपी ने बताया कि बांग्लादेश से कोलकाता और इसके बाद मालदा स्मैक की खेप पहुंचती है। मालदह से दालकोला और पूर्णिया के रास्ते स्मैक भेजा जाता है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार धंधेबाजों का क्राइम रिकॉर्ड खंगालने में जुटी हुई है। गिरफ्तार तस्करों से अनुसंधान कर तस्करी के रैकेट से जुड़े हुए अन्य आरोपियों के भी पकड़े जाने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित