कोलकाता , अगस्त 23 -- पश्चिम बंगाल के 24 परगना जिले के भांगड़ इलाके में इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आईएसएफ)के नेता अरबुल इस्लाम के पार्टी छोड़ने के एक दिन बाद शनिवार रात उनकी कार पर असामाजिक तत्वों ने कथित तौर पर ईंटें और बम फेंके, जिससे पूरे क्षेत्र में भारी तनाव फैल गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
यह घटना शनिवार रात दक्षिण 24 परगना जिले के पोलेरहाट थाना क्षेत्र के अंतर्गत उड़ियापारा में उस समय हुई, जब श्री इस्लाम अस्पताल से वापस अपने घर लौट रहे थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, अज्ञात उपद्रवियों ने उनकी गाड़ी को निशाना बनाकर ईंटें और बम फेंके। हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने या गाड़ी को पहुंचे नुकसान के संबंध में तुरंत कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आ सकी है। पुलिस ने हमलावरों की पहचान करने और हमले के पीछे के मुख्य कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच शुरू कर दी है।
श्री इस्लाम ने हमले के महज एक दिन पहले शुक्रवार को ही सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए आईएसएफ छोड़ने की घोषणा की थी। उन्होंने पार्टी नेतृत्व पर भ्रष्टाचार, हठधर्मिता और तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित