नयी दिल्ली , सितंबर 22 -- कांग्रेस ने श्रीराम मंदिर में चढ़ावे चोरी के मामले में तीन महीने बाद भी आरोप पत्र दाखिल नहीं होने को सरगनाओ को बचाने की कोशिश करार देते हुए आरोप लगाया है कि भाजपा की डबल इंजन सरकारें एसआईटी के नाम पर बड़े चोरों को बचाने की कार्रवाई कर रही है।

कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने मंगलवार को सोशल मीडिया 'एक्स' पर कहा कि चढ़ावा चोरी के मामले में जांच शुरू हुए तीन महीने पूरे होने में सिर्फ तीन दिन शेष हैं लेकिन अब तक आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल नहीं हुई है। यदि 25 सितंबर तक चार्जशीट दाखिल नहीं हुई तो चढ़ावा चोरी के मामले के छोटे किरदारों को जमानत मिलने का रास्ता साफ हो जाएगा।

श्री रमेश ने कहा कि देश की जनता को ऐसी एसआईटी और ऐसी किसी सरकारी चार्जशीट पर भरोसा नहीं है, जिसमें बड़ी मछलियों को बचाने की आशंका बनी हुई है। उन्होंने कहा कि जो लोग कहते थे कि कुछ भी रिपोर्ट के लायक नहीं है उनकी अपनी जांच अब मान रही है कि चढ़ावे की चोरी 70 नहीं बल्कि सीसीटीवी में 105 बार सामने आ चुकी है जिसे वे चाहकर भी नकार नहीं पा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि चार्जशीट दाखिल करने में देरी क्यों हो रही है, यह समझना मुश्किल नहीं है और मामला बड़े चोरों तथा उनके संरक्षकों से ध्यान हटाने का है। उन्होंने सवाल किया कि अयोध्या के भगवान श्रीराम मंदिर में सुनियोजित तरीके से की गई चढ़ावा चोरी के सरगनाओं को कौन और क्यों बचा रहा है। इस गंभीर मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी और चढ़ावा चोरी के आरोपियों की मदद पर भी लगातार सवाल उठ रहे हैं।

श्री रमेश ने कहा कि जनता के सीधे सवाल हैं कि बड़ी- बड़ी मछलियों पर अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई और उनसे कड़ी पूछताछ कब होगी। असली दोषियों को बचाने के लिए उच्चतम न्यायालय की निगरानी में जांच से कौन और क्यों बचना चाहता है तथा ट्रस्ट को अब तक भंग क्यों नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि एसआईटी के नाम पर भाजपा की डबल इंजन सरकारें भाजपा-आरएसएस से जुड़े चढ़ावा चोरी के आरोपियों को बचाने की कार्रवाई कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित