वाराणसी , जून 21 -- अयोध्या के राम मंदिर में दान राशि के कथित दुरुपयोग और आरोपों को लेकर चल रहे विवाद के बीच रविवार को आम आदमी पार्टी (आप) कार्यकर्ताओं ने बेनियाबाग से गोदौलिया क्षेत्र तक भिक्षाटन कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने हाथों में कटोरे और तख्तियां लेकर विरोध प्रदर्शन किया। किसी भी प्रकार के प्रदर्शन की अनुमति न होने के कारण पुलिस ने कार्यक्रम को रोक दिया।

कार्यकर्ताओं ने "चंदा चोरों गद्दी छोड़ो", "राम भक्तों का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान" और "श्रीराम के नाम पर भ्रष्टाचार बंद करो" जैसे नारे लगाए तथा दान और चढ़ावे में कथित लूट की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। पुलिस के अनुसार, शहर में नीट की परीक्षा चल रही है और ऐसे में भीड़ लेकर सड़कों पर उतरना उचित नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित