अयोध्या , फरवरी 22 -- दिल्ली प्रांत के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों ने रविवार को अयोध्या में घोष वादन और पथ संचलन का आयोजन किया। कार्यक्रम की शुरुआत राम की पैड़ी स्थित लता चौक से हुई, जहां से स्वयंसेवक अनुशासित पंक्तियों में कदमताल करते हुए आगे बढ़े।
पथ संचलन राम पथ से होते हुए हनुमानगढ़ी मार्ग के रास्ते श्रीराम मंदिर गेट तक पहुंचा। पूरे मार्ग में घोष वादन की ध्वनि गूंजती रही। स्वयंसेवक पारंपरिक गणवेश में निर्धारित क्रम के अनुसार मार्च करते रहे। रास्ते में स्थानीय लोगों ने संचलन को देखा।
श्रीराम मंदिर परिसर पहुंचकर स्वयंसेवकों ने भगवान रामलला के समक्ष घोष वादन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के दौरान संगठन की एकता, अनुशासन और समन्वय का प्रदर्शन किया गया।
संघ पदाधिकारी गोपाल राव ने कहा कि पथ संचलन के माध्यम से अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और संगठनात्मक मूल्यों का संदेश दिया जाता है। उन्होंने बताया कि ऐसे आयोजन समाज में संगठन भावना और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से किए जाते हैं। आयोजन में दिल्ली प्रांत से आए स्वयंसेवकों के साथ स्थानीय कार्यकर्ताओं की भी सहभागिता रही। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित