देहरादून , अगस्त 27 -- उत्तराखंड के जनपद अयोध्या निवासी एक युवक ने गुरुवार को आपसी कहासुनी के बाद अपनी पत्नी की पाटल के प्रहार से हत्या कर दी। हत्या के बाद युवक ने पुलिस चौकी पहुंचकर आत्म समर्पण कर दिया।

एसएसपी प्रवेंद्र डोभाल ने बताया कि रामजी पाल पुत्र छिटाई पाल निवासी ग्राम आदिलपुर पोस्ट खंडासा थाना कुमारगंज जिला अयोध्या उत्तर प्रदेश, आयु 38 वर्ष ने कोतवाली डालनवाला की चौकी आराघर पर आकर सूचना दी कि वह अपने परिवार के साथ मोहिनी रोड स्थित दीपक भसीन के मकान में सर्वेंट क्वार्टर में रहता है। आज सुबह समय करीब 10:30 बजे बच्चों को स्कूल छोड़ने के बाद घर वापस आने पर उसकी अपनी पत्नी सोनू पाल से किसी बात को लेकर आपसी कहा सुनी हो गयी। जिसके बाद आवेश में आकर उसके द्वारा कमरे के पास रखी धारदार पाठल से अपनी पत्नी के गले में कई वार कर उसकी हत्या कर दी तथा घटना में इस्तेमाल किये गये धारदार हथियार पाठल को घर के पास ही झाड़ी में फेंक दिया। इस पर पुलिस बल अभियुक्त को साथ लेकर तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा, जहाँ मोहिनी रोड स्थित दीपक भसीन के मकान के सर्वेंट क्वार्टर में एक महिला का शव पड़ा था, जिसके चेहरे व गले पर गहरे घाव के निशान थे।

अभियुक्त से पूछताछ में उसके द्वारा उक्त महिला की पहचान अपनी धर्मपत्नी सोनू पाल के रूप में की गई। मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से आवश्यक भौतिक और वैज्ञानिक साक्ष्यो का संकलन किया गया। घटना की सूचना पर उच्चाधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

श्री डोभाल ने बताया कि घटना के संबंध में मृतका सोनू पाल के परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर कोतवाली डालनवाला पर हत्या का अभियोग पंजीकृत करते हुए अभियुक्त रामजी पाल को गिरफ्तार किया गया, है। जिसकी निशानदेही पर उसके द्वारा घटना में प्रयुक्त किये गए धारदार पाठल को बरामद कर लिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित