चंडीगढ़ , अक्टूबर 12 -- हरियाणा सरकार ने अम्बाला छावनी के गांव ब्राह्मण माजरा में आधुनिक इंटीग्रेटेड डेयरी कॉम्प्लेक्स के निर्माण के लिए 60.16 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं।

ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने बताया कि अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट फंड योजना के तहत ऋण के रूप में यह राशि स्वीकृत हुई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण प्रक्रिया जल्द शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

श्री विज के प्रयासों से नगर परिषद पहले ही ब्राह्मण माजरा में करीब 21 एकड़ भूमि खरीद चुकी है। इस परियोजना के तहत छावनी क्षेत्र की अलग-अलग जगहों पर संचालित डेयरियों को एक स्थान पर स्थानांतरित किया जाएगा। कॉम्प्लेक्स में करीब 200 प्लॉट बनाए जाएंगे, जिनमें हजारों पशुओं को रखने की व्यवस्था होगी।

यहां 24 घंटे पशु चिकित्सा सेवाओं वाला वेटरनरी अस्पताल बनाया जाएगा, जहां पशुओं को निशुल्क उपचार मिलेगा। इसके अलावा चारा भंडारण, ड्राई फीड स्टोर, बायोगैस प्लांट, पशुओं को नहलाने के लिए तालाब और पशुपालकों के आराम के लिए रेस्ट हाउस की सुविधा होगी।

कॉम्प्लेक्स में बिजली-पानी, सब स्टेशन, एलईडी लाइटें, पार्क, ग्रीन कॉरिडोर, व्यावसायिक दुकानें, पार्किंग, चिलिंग प्लांट और जल निकासी की व्यवस्था भी की जाएगी।

डेयरी कॉम्प्लेक्स तक बेहतर सड़क संपर्क के लिए टांगरी नदी पर नया पुल बनाया जाएगा। विज के अनुसार, ठेकेदार द्वारा काम छोड़ने के कारण पुल के लिए दोबारा टेंडर किए जा रहे हैं। पुल बनने से पशुपालक टांगरी बांध रोड के जरिए सीधे कॉम्प्लेक्स पहुंच सकेंगे और उन्हें जगाधरी रोड का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित