चंडीगढ़ , जून 15 -- हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने घोषणा की है कि अम्बाला छावनी नगर परिषद के सभी 32 वार्डों में विकास कार्यों के लिए प्रत्येक वार्ड को एक-एक करोड़ रुपये की राशि दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि अपने-अपने वार्डों की जरूरतों के अनुसार विकास प्रस्ताव देंगे, जिनके आधार पर जल्द ही यह राशि जारी की जाएगी।चंडीगढ़ में आयोजित समीक्षा बैठक में अम्बाला छावनी की विभिन्न विकास परियोजनाओं पर चर्चा की गयी। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि सुभाष पार्क में आधुनिक सुविधाओं से युक्त ई-लाइब्रेरी को मंजूरी मिल चुकी है और जल्द निर्माण कार्य शुरू होगा। इसके अलावा रामबाग रोड पर आधुनिक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनाने की योजना भी तैयार की गयी है, जिससे व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
बैठक में सुभाष पार्क में स्क्वैश कोर्ट, कम्पोजिट इंटीग्रेटेड डेयरी कॉम्प्लेक्स, पशु चिकित्सालय और अन्य आधारभूत ढांचा परियोजनाओं की भी समीक्षा की गयी। अधिकारियों को इन योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने के निर्देश दिये गये। नन्हेड़ा, मिलाप नगर, रांगिया मंडी और आनंद विहार समेत आसपास के क्षेत्रों में सीवरेज नेटवर्क के विस्तार और सुदृढ़ीकरण पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि इन कार्यों के लिए जल्द टेंडर जारी किये जाएंगे।
इसके अलावा फ्रेट कॉरिडोर परियोजना और नगर परिषद के नये भवन के निर्माण पर भी विचार-विमर्श किया गया। नये भवन को भविष्य की जरूरतों और आधुनिक नागरिक सेवाओं को ध्यान में रखकर विकसित किया जाएगा।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अम्बाला छावनी में व्यापक स्तर पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की तैयारी भी की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सीसीटीवी निगरानी प्रणाली स्थापित करने की परियोजना तैयार कर सरकार को स्वीकृति के लिए भेजी जाएगी।
श्री विज ने अधिकारियों को सभी विकास कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ जल्द से जल्द आम लोगों तक पहुंचना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित