डुनेडिन , मार्च 11 -- अमेलिया केर (80 रन /पांच विकेट) के हरफनमौला प्रदर्शन की बदौलत न्यूजीलैंड की महिला टीम ने बुधवार को तीसरे एकदिवसीय मुकाबले में जिम्बाब्वे को 200 रनों से हराकर तीन मैचों की सीरीज में क्लीन स्वीप किया। 'प्लेयर ऑफ द मैच अमेलिया केर ने हैट्रिक बनाई।
केर ने यूनिवर्सिटी ओवल में जबरदस्त ऑल-राउंड प्रदर्शन किया, उन्होंने 80 रन बनाए जिससे न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 303/6 का बड़ा स्कोर बनाया। केर के अलावा मैडी ग्रीन ने 73 गेंदों में (94), ब्रूक हॉलीडे ने (40) रनों का योगदान दिया। जिम्बाब्वे के लिए क्रिस्टाबेल चैटोंजवा ने 48 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि टेंडाई मकुशा, एडेल ज़िमुनु और प्रेशियस मारेंज ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
अमेलिया केर ने फिर गेंदबाजी करते हुए हैट्रिक लगाकर जिम्बाब्वे के पांच विकेट झटके। 24 साल की केर ने लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे के 24वें ओवर में अपनी हैट्रिक पूरी की, उन्होंने लगातार गेंदों पर एडेल जिमुनु, ऑड्रे माजविशाया और टेंडाई मकुशा को आउट किया। पिछले मैच में उन्होंने शानदार सात विकेट लिए थे।
न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने जिम्बाब्वे को 27.1 ओवर में 103 रनों पर समेट कर 200 रनों से यह मुकाबला अपने नाम किया। जिम्बाब्वे के लिए लोरेन त्सुमा ने सर्वाधिक (34) रन बनाये। इसके अलावा चिपो मुगेरी तिरिपानो (22) और बी बिजा (15) रन बनाकर आउट हुई। शेष आठ खिलाड़ी दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सकीं। न्यूजीलैंड के लिए अमेलिया केर ने 3.1 ओवर में 22 रन देकर पांच विकेट लिये। रोजमेरी मैयर को दो विकेट मिले। जेस केर और ब्री इलिंग ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित