वाशिंगटन , जून 22 -- अमेरिका की दक्षिणी कमान ने पूर्वी प्रशांत महासागर में कथित ड्रग-तस्करी करने वाले एक जहाज़ पर हमला किया है जिसमें दो लोगों की मौत हो गयी है।
कमान ने रविवार देर रात एक्स पर लिखा, "21 जून को दक्षिणी कमान के कमांडर जनरल फ्रांसिस एल डोनोवन के निर्देश पर, संयुक्त कार्य बल सदर्न स्पीयर ने आतंकवादी संगठनों द्वारा संचालित एक जहाज़ पर घातक हमला किया। खुफिया जानकारी से पुष्टि हुई कि जहाज़ पूर्वी प्रशांत में ड्रग-तस्करी के ज्ञात रास्तों से गुज़र रहा था और ड्रग-तस्करी के काम में शामिल था।"कमान ने कहा कि इसमें दो कथित ड्रग-आतंकवादी मारे गए। पूर्वी प्रशांत और कैरिबियन सागर सहित लैटिन अमेरिकी जलक्षेत्र में कथित ड्रग-तस्करी करने वाले जहाज़ों को नष्ट करने का ट्रंप प्रशासन का अभियान सितंबर की शुरुआत से जारी है और इसमें अब तक कम से कम 198 लोग मारे जा चुके हैं। सेना ने अभी तक इस बात का कोई सबूत नहीं दिया है कि किसी भी जहाज़ पर ड्रग्स लदे हुए थे।
इस बीच, पेंटागन के आंतरिक निगरानी विभाग ने इस बात की जांच शुरू कर दी है कि क्या कैरिबियन और पूर्वी प्रशांत में नावों पर हमले करते समय अमेरिकी सैन्य कमांडरों ने सही प्रक्रियाओं का पालन किया था। समीक्षा शुरू करने वाले 11 मई के एक मेमो के अनुसार रक्षा विभाग का महानिरीक्षक कार्यालय इस बात की जांच कर रहा है कि क्या सैन्य कमांडरों ने उस मानक छह-चरणीय प्रक्रिया का पालन किया, जिसका पालन अमेरिकी सेना को घातक हमलों को मंज़ूरी देने और उन्हें अंजाम देने से पहले करना होता है। इस समीक्षा में अमेरिका के दक्षिणी कमान द्वारा चलाए जा रहे अभियान में शामिल हैं, जो पूरे क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य गतिविधियों की देखरेख करता है और डोराल में स्थित है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित