, June 20 -- वाशिंगटन, 20 जून (स्पूतनिक/वार्ता) अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ ईरान के साथ संभावित परमाणु समझौते पर बातचीत के लिए स्विट्जरलैंड रवाना हो गये हैं। ऐसी उम्मीद जतायी जा रही है कि अमेरिका और ईरान के बीच इस वार्ता का पहला दौर वहीं आयोजित होगा।
समाचार वेबसाइट एक्योस ने एक अज्ञात अमेरिकी अधिकारी के हवाले से रिपोर्ट में यह जानकारी दी है। अधिकारी ने बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर पहले से ही स्विट्जरलैंड में मौजूद हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि अभी यह साफ नहीं है कि बातचीत के लिए कोई नया समय तय किया गया है या नहीं। बातचीत शुक्रवार को शुरू होने वाली थी लेकिन लेबनान में इजरायल और लेबनान के शिया संगठन हिज़्बुल्लाह के बीच लड़ाई के कारण इसे टाल दिया गया था।
रिपोर्ट में कहा गया है कि अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व उपराष्ट्रपति जेडी वेंस करने वाले थे लेकिन उन्होंने गुरुवार को अपनी यात्रा टाल दी, और यह साफ नहीं है कि वह इस सप्ताह के अंत तक वहां जाएंगे या नहीं।
गौरतलब है कि 14 जून को ईरान और अमेरिका ने पुष्टि की थी कि एक समझौता ज्ञापन (एमओयू ) पर काम पूरा हो गया है। दोनों देशों ने 18 जून की रात को उस दस्तावेज़ पर हस्ताक्षर किए, जिसमें 28 फरवरी को शुरू हुए सैन्य संघर्ष को समाप्त करने का प्रावधान है। इस समझौते के साथ दोनों पक्षों के बीच कई महीनों से चल रहे संघर्ष को समाप्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
यह समझौता ज्ञापन दोनों देशों को ईरानी परमाणु मुद्दे और अमेरिकी प्रतिबंधों पर अंतिम समझौते के लिए बातचीत करने के लिए 60 दिन का समय देता है। इसके अलावा, यह अमेरिका के लिए अपनी नौसैनिक नाकेबंदी हटाने और ईरान के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य से वाणिज्यिक जहाजों की आवाजाही बहाल करने की एक निर्धारित समय-सीमा तय की गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित