तेहरान , मई 08 -- हाल ही में हुए अमेरिकी और इजरायली हमलों में ईरान के कम से कम छह परमाणु स्थलों को भारी नुकसान पहुँचा है।
वाशिंगटन स्थित 'इंस्टीट्यूट फॉर साइंस एंड इंटरनेशनल सिक्योरिटी' ने ताजा सेटेलाइट चित्रों के हवाले से अपनी रिपोर्ट में दावा किया है कि इनमें से अधिकांश स्थलों पर परमाणु हथियार बनाने से संबंधित गोपनीय गतिविधियां संचालित हो रही थीं। इसके अलावा तीन अन्य स्थलों के भी परमाणु गतिविधियों से जुड़े होने की आशंका जताई गयी है। इस तरह से कुल छह से नौ परमाणु-संबंधित ठिकानों को निशाना बनाया गया है।
रिपोर्ट का सबसे चौंकाने वाला निष्कर्ष यह है कि इनमें से चार से सात स्थल परमाणु हथियार बनाने की प्रक्रिया से जुड़े थे। ईरान का परमाणु कार्यक्रम लंबे समय से दो रास्तों पर चल रहा था, जिसमें पहला यूरेनियम संवर्धन और दूसरा हथियार डिजाइन करने का था। ताजा हमलों का मुख्य केंद्र यह दूसरे रास्ते यानी हथियार बनाने की क्षमता को नष्ट करना था, क्योंकि संवर्धन सुविधाओं को पिछले युद्धों में पहले ही काफी नुकसान पहुँचाया जा चुका था।
इन हमलों में तेहरान के पूर्व में स्थित 'मिन-जदयी' नामक एक गुप्त परिसर की पहचान हुई है, जिसे पहले कभी सार्वजनिक नहीं किया गया था। इजरायली अधिकारियों के अनुसार, यहाँ वैज्ञानिक परमाणु हथियार प्रणाली के प्रमुख घटकों पर काम कर रहे थे।
सैटेलाइट तस्वीरों से पता चलता है कि यहाँ तीन बड़ी इमारतें पूरी तरह नष्ट हो गई हैं। इसके साथ ही परचिन सैन्य परिसर के भीतर 'तालेघन 2' को भी निशाना बनाया गया है, जहाँ उच्च विस्फोटक उपकरण विकसित किए जा रहे थे।
अन्य प्रभावित स्थलों में लविज़न-2 (मोजदेह), मालेक अश्तर विश्वविद्यालय और इमाम हुसैन विश्वविद्यालय के केंद्र शामिल हैं। इन हमलों ने न केवल शोध केंद्रों को, बल्कि ईरान के व्यापक परमाणु ईंधन बुनियादी ढांचे, जैसे अराक हैवी वाटर संयंत्र और अरदकान येलोकेक उत्पादन संयंत्र को भी क्षतिग्रस्त कर दिया है।
इसके अलावा, ईरान के सैन्य अनुसंधान संगठन (एसपीएनडी) से जुड़े कई वरिष्ठ परमाणु वैज्ञानिकों के भी मारे जाने की खबर है, जिससे इस कार्यक्रम को बड़ी क्षति हुई है।
व्यापक विनाश के बावजूद, संस्थान का मानना है कि ईरान की परमाणु चुनौती अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। नतांज और इस्फ़हान के पास सुरंग परिसरों में अभी भी ईरान का संवर्धित यूरेनियम भंडार सुरक्षित होने की संभावना है, जिसमें 60 प्रतिशत शुद्धता वाला लगभग 440 किलोग्राम यूरेनियम शामिल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित