तेहरान , अप्रैल 20 -- ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघेई ने कहा है कि अमेरिका के साथ नयी वार्ता का फिलहाल कोई कार्यक्रम नहीं है और अमेरिकी प्रशासन अपने पिछले अनुभवों से कोई सबकनहीं ले रहा।

श्री बघेई ने सोमवार को एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि अमेरिका ने युद्धविराम लागू होते ही उसका उल्लंघन किया और इसकी जानकारी पाकिस्तान के मध्यस्थ को दी गयी थी। उन्होंने कहा कि ईरान पर नौसैनिक नाकेबंदी लगाना भी युद्धविराम समझौते का उल्लंघन है।

उन्होंने कहा कि पिछली वार्ताओं के दौरान हुए अमेरिकी हमलों को भुलाया नहीं जा सकता और ईरान अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा करता रहेगा।

श्री बघेई ने कहा, "यदि अमेरिका और इजरायल कोई नया आक्रामक कदम उठाते हैं, तो हमारी सशस्त्र सेनाएं उसका जवाब देंगी।"प्रवक्ता के अनुसार, ईरान ने 10-सूत्री प्रस्ताव पेश किया था, जिस पर इस्लामाबाद में चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि अमेरिका-इजरायल हमलों से पहले होर्मुज़ जलडमरूमध्य सुरक्षित था।

उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका ने लेबनान युद्धविराम को समझौते का हिस्सा मानने से इनकार किया, जबकि ईरान ने इसे पाकिस्तान के मध्यस्थ के सामने स्पष्ट किया था।

प्रवक्ता ने कहा कि ईरानी जहाज पर हमले और नाकेबंदी की अमेरिकी कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय कानून एवं युद्धविराम का उल्लंघन है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अमेरिका ने दो बार वार्ता प्रक्रिया को बाधित किया, ईरान पर हमले किये, नागरिकों की हत्या की और नागरिक अवसंरचनाओं को निशाना बनाया।

उन्होंने कहा कि अमेरिका 'ईरान को दोषी ठहराने का खेल' कर रहा है। वह सकारात्मक भूमिका निभाने के बजाय आरोप लगा रहा है। ऐसा लगता है कि अमेरिका बिल्कुल गंभीर नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित