वाशिंगटन , अक्टूबर 29 -- अमेरिका के रक्षा मंत्रालय में रणनीति, योजना एवं नीति निदेशक (जे5) के रूप में कार्यरत लेफ्टिनेंट जनरल ब्रेट सिल्विया काे उनके पद से हटा दिया गया है।
सीएनएन ने ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के अध्यक्ष जनरल डैन केन के प्रवक्ता के हवाले से इसकी पुष्टि की है। इसी के साथ ही अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान पर नए हमलों की संभावनाओं पर विचार किए जाने के बीच रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के कार्यकाल में पेंटागन से हटाए जाने वाले वरिष्ठ अधिकारियों में शीर्ष सैन्य रणनीतिकार सिल्विया भी शामिल हो गए हैं।
श्री हेगसेथ के कार्यकाल में अब तक कम से कम 20 से 25 शीर्ष जनरलों, एडमिरलों और वरिष्ठ असैन्य अधिकारियों को बर्खास्त किया गया है, इस्तीफा देने के लिए मजबूर किया गया है या पेंटागन से बाहर किया गया है। श्री सिल्विया का पद छोड़ना ट्रंप प्रशासन के तहत वरिष्ठ सैन्य नेतृत्व में किए जा रहे बदलावों की ताजा कड़ी है। श्री हेगसेथ ने पदभार संभालने के बाद से पेंटागन के शीर्ष अधिकारियों के स्तर पर व्यापक बदलाव किये हैं।
श्री सिल्विया के हटाने का कोई कारण नहीं बताया गया है और यह भी स्पष्ट नहीं है कि उनकी जगह कौन लेगा। पेंटागन ने उनके बारे में सार्वजनिक रूप से कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी है।
श्री हेगसेथ ने जनरलों और एडमिरलों की संख्या में लगभग 20 प्रतिशत की कटौती करने की व्यापक योजना की घोषणा की थी। इसके तहत बर्खास्तगी और स्वीकृत पदों में कमी के जरिए जनरल और एडमिरल स्तर के करीब 170 पद समाप्त किए जाने हैं। इस कदम का उद्देश्य रक्षा विभाग को उस कार्यसंस्कृति के अनुरूप ढालना है, जिसे श्री हेगसेथ ने 'युद्ध लड़ने वाले सैनिकों की भावना' करार दिया है।
संयुक्त स्टाफ का जे5 निदेशालय संयुक्त प्रमुखों के अध्यक्ष के लिए सैन्य रणनीतियां, परिचालन योजनाएं और नीतिगत सिफारिशें तैयार करने में अहम भूमिका निभाता है। यह सैन्य योजना बनाने में भी योगदान देता है और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों को संभावित सैन्य अभियानों पर सलाह देता है।
अमेरिकी सेना की 101वीं एयरबोर्न डिवीजन के पूर्व कमांडर सिल्विया को बाइडन प्रशासन के अंतिम दिनों में तत्कालीन रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन ने इस पद के लिए नामित किया था। संयुक्त स्टाफ ने 32 वर्षों की सैन्य सेवा के लिए श्री सिल्विया और उनके परिवार का आभार जताया तथा जीवन के अगले पड़ाव के लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं। बुधवार शाम तक संयुक्त प्रमुखों के अध्यक्ष की वेबसाइट से उनकी जीवनी हटा दी गई थी।
श्री सिल्विया का पद छोड़ना मध्य पूर्व में अमेरिकी सैन्य योजना के लिहाज से एक महत्वपूर्ण समय पर हुआ है। क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच ट्रंप ईरान को लेकर अपने अगले कदमों पर विचार कर रहे हैं।
मीडिया में पहले ही ऐसी कई खबरें आ चुकी हैं कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से आदेश मिलने के 96 घंटे के भीतर क्षेत्र में तैनात अमेरिकी सेना ईरान के खिलाफ बड़े सैन्य अभियान शुरू करने के लिए तैयार थी।
आंतरिक सैन्य चर्चाओं की जानकारी रखने वाले वर्तमान और पूर्व अमेरिकी अधिकारियों ने संकेत दिया है कि संभावित सैन्य कार्रवाई की तैयारियां चल रही हैं, हालांकि ट्रंप ने अभी तक कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया है।
कुछ अधिकारियों का मानना है कि इस साल के अंत से पहले निर्णय लिया जा सकता है। यह कदम अमेरिका के मध्यावधि चुनावों के बाद भी उठाया जा सकता है। वहीं, कुछ अन्य अधिकारियों ने आगाह किया है कि श्री ट्रंप पहले भी सैन्य कार्रवाई के पक्ष में झुकाव दिखा चुके हैं, लेकिन बाद में उन्होंने अपने कदम पीछे खींच लिए।
श्री ट्रंप ने कहा है कि मंगलवार को होने वाले मध्यावधि चुनावों से पहले कोई हमला नहीं किया जाएगा। उनके इस बयान से संभावित सैन्य कार्रवाई के समय को लेकर अनिश्चितता और बढ़ गई है।
श्री हेगसेथ वरिष्ठ रक्षा अधिकारियों के साथ टकराव में भी रहे हैं। पेंटागन के व्यापक पुनर्गठन के तहत उन्होंने सैन्य नेतृत्व और पदोन्नति से जुड़े फैसलों में भी हस्तक्षेप किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित