चंडीगढ़ , जून 16 -- पंजाब विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां ने विधायक हॉस्टल के विरासती फर्नीचर के अमेरिका में नीलाम होने के मामले को गंभीरता से लेते हुए चंडीगढ़ प्रशासन से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।

इस संबंध में मंगलवार को श्री संधवां की अध्यक्षता में केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में यह पता लगाने पर विशेष जोर दिया गया कि संबंधित विरासती फर्नीचर और अन्य ऐतिहासिक वस्तुओं की अभिरक्षा (कस्टडी) किस संस्था या विभाग के पास थी।

अध्यक्ष ने कहा कि चंडीगढ़ की विरासत से जुड़े फर्नीचर और अन्य ऐतिहासिक वस्तुएं पंजाब सरकार, हरियाणा सरकार तथा यूटी प्रशासन के विभिन्न विभागों की निगरानी में हैं। इन वस्तुओं की सूची और रिकॉर्ड का रखरखाव भी चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा किया जाता है। ऐसे में यह जानना आवश्यक है कि संबंधित फर्नीचर किसकी अभिरक्षा में था और वह विदेश में नीलामी तक कैसे पहुंचा।

श्री संधवां ने कहा कि इस पूरे मामले की गहन जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले में जिम्मेदारी तय की जाएगी और किसी भी दोषी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ की विशिष्ट वास्तुकला, ऐतिहासिक धरोहर और विरासत को नुकसान पहुंचाने वाली किसी भी प्रकार की जानबूझकर की गयी लापरवाही को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित