वाशिंगटन , मार्च 31 -- अमेरिका में गैस की औसत कीमत मंगलवार को बढ़कर चार डॉलर प्रति गैलन हो गई, जो पिछले तीन वर्षों में देश में कीमतों में सबसे अधिक वृद्धि को दर्शाता है।

पश्चिमी एशिया में युद्ध शुरू होने के बाद से अमेरिका में औसत उपभोक्ता के लिए गैस की कीमतों में 35 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है। कीमतों की इस वृद्धि से हाल बहुत जल्द राहत मिलने की भी उम्मीद नजर नहीं आती, क्योंकि होर्मुज जलडमरूमध्य आर्थिक रूप से अभी भी पंगु बना हुआ है तथा कुछ देशों के जहाजों को छोड़कर सभी के लिए बंद है। होर्मुज का बंद होना वैश्विक स्तर पर ऊर्जा आपूर्ति को महत्वपूर्ण रूप से प्रभावित कर रहा है, क्योंकि इस मार्ग से दुनिया के तेल का लगभग 20 प्रतिशत हिस्सा गुजरता है।

युद्ध शुरू होने के बाद से ही वैश्विक स्तर पर तेल की कीमतें बढ़कर 100 डॉलर प्रति बैरल या उससे अधिक हो गई हैं, जिससे उपभोक्ताओं द्वारा भुगतान की जाने वाली कीमतें बढ़ गई हैं। अमेरिका में ठीक एक महीने पहले प्रति गैलन औसत दर 2.98 डॉलर थी, जबकि एक साल पहले यह थोड़ा ऊपर 3.17 डॉलर पर थी।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के दावों के अनुसार, चल रहा युद्ध जल्द ही समाप्त हो सकता है, क्योंकि ईरान ने कूटनीति रास्ते खोलने शुरू कर दिये हैं। पाकिस्तान ने भी संकेत दिया है कि वह 'आने वाले दिनों' में अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता की मेजबानी करेगा।

हालांकि अमेरिका ने पश्चिम एशिया में अपने विशेष अभियान बलों का भी विस्तार किया है, क्योंकि श्री ट्रंप कूटनीति के विफल होने की स्थिति में ईरानी बिजली संयंत्रों और अन्य नागरिक बुनियादी ढांचों पर हमला करने की अपनी धमकियों को भी दोहरा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित