वाशिंगटन , अक्टूबर 18 -- अमेरिका में खसरे (मीजल्स) का प्रकोप तेजी से फैलता जा रहा है और ताजा आंकड़ों के अनुसार देश भर में खसरे के 4,410 से अधिक मामलों की पुष्टि हो चुकी है। यह संक्रमण वाशिंगटन डीसी और 45 राज्यों में फैल चुका है, जिनमें 18 मामले अंतरराष्ट्रीय यात्रियों से जुड़े हैं।

संक्रमण का सबसे अधिक प्रभाव पेंसिल्वेनिया में देखने को मिल रहा है, जहां अकेले 1,200 से अधिक मामले सामने आए हैं और छह लोगों की मौत हो चुकी है।

राज्य में बिगड़ते हालात को देखते हुए स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों ने केंद्र से मदद मांगी है। इसके जवाब में सीडीसी अपने 'एपिडेमिक एड' कार्यक्रम के तहत पेंसिल्वेनिया में महामारी विशेषज्ञ के एक दल की तैनाती कर रहा है, जो जमीनी स्तर पर संक्रमण को रोकने और त्वरित जांच में मदद करेगा।

विशेषज्ञों और सीडीसी के आंकड़ों के अनुसार, इस प्रकोप का सबसे मुख्य कारण टीकाकरण में आई गिरावट है। कुल मामलों में से लगभग 96 प्रतिशत मरीज ऐसे हैं, जिन्होंने टीका नहीं लगवाया है या जिनकी टीकाकरण स्थिति स्पष्ट नहीं है। दो प्रतिशत मामलों में मरीजों को एमएमआर टीके की केवल एक खुराक मिली थी, जबकि दोनों खुराक ले चुके महज दो प्रतिशत लोग ही इसकी चपेट में आए हैं। आंकड़ों से स्पष्ट है कि पूर्ण प्रतिरक्षित (वैक्सीनेटेड) लोगों में संक्रमण की दर एक प्रतिशत से भी कम है। एमएमआर वैक्सीन की एक खुराक खसरे के खिलाफ 93 प्रतिशत और दो खुराकें 97 प्रतिशत तक प्रभावी होती हैं।

कोविड-19 महामारी के बाद से अमेरिका में बच्चों की टीकाकरण कवरेज में लगातार गिरावट दर्ज की गई है। शैक्षणिक सत्र 2025-26 में किंडरगार्टन के केवल 92.4 प्रतिशत बच्चों को एमएमआर टीका लगा, जो 2019-20 के 95.2 प्रतिशत के आंकड़े से काफी कम है।

सीडीसी निदेशक डॉ. एरिका श्वार्ट्ज और स्वास्थ्य मंत्री रॉबर्ट एफ. कैनेडी जूनियर ने दोहराया है कि खसरे से बचाव के लिए एमएमआर टीका ही सबसे प्रभावी उपाय है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री रॉबर्ट एफ. कैनेडी जूनियर ने आश्वासन दिया है कि संघीय सरकार पेंसिल्वेनिया की मदद कर जल्द ही इस प्रकोप पर काबू पा लेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित