मुंबई , फरवरी 23 -- अमेरिका में आयात शुल्क घटने की घोषणा से सोमवार को घरेलू शेयर बाजारों में लगातार दूसरे दिन तेजी रही।
बीएसई का सेंसेक्स 479.95 अंक (0.58 अंक) की बढ़त में 83,294.66 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 141.75 अंक यानी 0.55 प्रतिशत ऊपर 25,713 अंक पर पहुंच गया। सुबह के कारोबार में सेंसेक्स एक समय 671 अंक चढ़ गया था।
सार्वजनिक बैंकों, वित्तीय कंपनियों और एफएमसीजी सेक्टर की कंपनियों में ज्यादा लिवाली रही। आईटी, रसायन, धातु, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और रियलटी समूहों के सूचकांक टूट गये।
मझौली कंपनियों में बिकवाली और छोटी कंपनियों में लिवाली ज्यादा रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.83 प्रतिशत फिसल गया जबकि स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.29 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ।
एनएसई में जिन 3,277 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 1,672 के शेयर गिर गये जबकि 1,493 के बढ़त में रहे। अन्य 112 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित बंद हुए।
अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट ने पिछले सप्ताह राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा पिछले साल बिना संसद की मंजूरी के विभिन्न देशों पर लगाये गये आयात शुल्क की ऊंची दरों को अवैध बताते हुए उसे रद्द कर दिया था। इसके बाद श्री ट्रंप ने 20 फरवरी को 150 दिन के लिए सभी देशों पर 10 प्रतिशत का एक समान आयात शुल्क लगाने की घोषणा की थी। इस संबंध में व्हाइट हाउस ने आदेश भी जारी कर दिया है जिसमें कहा गया है कि नयी दर 24 फरवरी से लागू होनी है। हालांकि राष्ट्रपति ने 21 फरवरी को आयात शुल्क 15 प्रतिशत करने की घोषणा की थी, लेकिन इसके बारे में अबतक कोई आदेश जारी नहीं किया गया है।
अमेरिका में आयात शुल्क में कमी की घोषणा से भारतीय शेयर बाजारों में भी निवेशकों का विश्वास मजबूत हुआ।
सेंसेक्स की कंपनियों में अडानी पोर्ट्स का शेयर 2.98 प्रतिशत चढ़ा। कोटक महिंद्रा बैंक में 2.22 प्रतिशत, अल्ट्राटेक सीमेंट में 1.65, पावरग्रिड में 1.49, एक्सिस बैंक में 1.34, एचडीएफसी बैंक में 1.31 और हिंदुस्तान यूनीलिवर में 1.29 प्रतिशत की तेजी रही। भारती एयरटेल, भारतीय स्टेट बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाइटन, एलएंडटी, एनटीपीसी, रिलायंस इंडस्ट्रीज, मारुति सुजुकी, सनफार्मा और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर भी ऊपर रहे।
इंफोसिस में 1.80 प्रतिशत की गिरावट रही। टेक महिंद्रा का शेयर 1.06 प्रतिशत टूट गया। ट्रेंट, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, आईटीसी, टीसीएस, बजाज फिनसर्व, बीईएल और इटरनल के शेयर गिर गये।
वैश्विक स्तर पर मिश्रित रुख रहा। एशिया में चीन का शंघाई कंपोजिट 1.26 प्रतिशत और जापान का निक्केई 1.12 प्रतिशत नीचे बंद हुआ। हांगकांग के हैंगसेंग में 2.53 प्रतिशत की तेजी रही। यूरोप में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.53 फीसदी नीचे था जबकि ब्रिटेन का एफटीएसई 0.11 प्रतिशत ऊपर चल रहा था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित