सिरसा , जून 23 -- अमेरिका और भारत के बीच प्रस्तावित कृषि उत्पाद समझौते के विरोध में सोमवार को विभिन्न किसान संगठनों ने सिरसा में रोष प्रदर्शन किया।
भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) और किसान यूनियन हरियाणा समेत कई संगठनों के प्रतिनिधि शहीद भगत सिंह स्टेडियम में एकत्रित हुए और वहां से नारेबाजी करते हुए लघु सचिवालय तक मार्च निकाला।
प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रतीकात्मक पुतले लेकर विरोध जताया तथा लघु सचिवालय के बाहर उनका दहन किया। किसानों ने आरोप लगाया कि प्रस्तावित समझौते से भारतीय कृषि और किसानों के हित प्रभावित होंगे।
किसान यूनियन हरियाणा के अध्यक्ष प्रकाश ममेरा ने कहा कि यदि कृषि उत्पादों का आयात बढ़ता है तो भारतीय किसान मूल्य प्रतिस्पर्धा में पिछड़ जाएगा। उन्होंने दावा किया कि सोयाबीन, खाद्य तेल और अन्य कृषि उत्पादों के आयात से घरेलू किसानों को नुकसान होगा। उन्होंने केंद्र सरकार से इस समझौते को रद्द करने की मांग की।
किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो पहले की तरह दिल्ली की सीमाओं पर आंदोलन किया जाएगा। इसके लिए 25 जून को चंडीगढ़ में किसान संगठनों की बैठक बुलाई गई है, जिसमें आगामी रणनीति और दिल्ली कूच की तारीख पर फैसला लिया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लघु सचिवालय के आसपास पुलिस बल तैनात रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित