इस्तांबुल , अप्रैल 07 -- तुर्की में अमेरिका के राजदूत टॉम बैरक ने मंगलवार को इस्तांबुल में इजरायली वाणिज्य दूतावास के पास हुई गोलीबारी की घटना की निंदा की और कहा कि कूटनीतिक मिशनों पर हमला अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था पर ही नहीं बल्कि यह उन सिद्धांतों पर भी हमला है, जो राष्ट्रों को एक साथ बांधे रखते हैं।
इस्तांबुल के लेवेंट जिले में इजरायली वाणिज्य दूतावास के पास हुई गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गयी ओर दो तुर्क पुलिस अधिकारी घायल हो गये। उन्होंने कहा कि कूटनीतिक मिशनों पर हमले अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था पर हमले हैं। यह उन सिद्धांतों पर हमला है, जो राष्ट्रों को एक साथ बांधे रखते हैं।
यह वाणिज्य दूतावास उच्च सुरक्षा क्षेत्र माना जाता है। इससे पहले भी यहां सुरक्षा खतरे पैदा हो चुके हैं।
राजदूत ने कहा, "हम तुर्की और तुर्क सुरक्षा बलों की सराहना करते हैं। उन्होंने त्वरित और निर्णायक जवाब दिया।" इजरायली कर्मचारियों में कोई हताहत नहीं हुआ।
इस्तांबुल के राज्यपाल दावुत गुल के अनुसार, एक हमलावर को तुरंत मार गिराया गया। दो अन्य हमलावरों को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में निष्क्रिय कर दिया गया। गुल ने कहा, "हमारी पुलिस बल पर हमला हुआ। हमारे दो पुलिस अधिकारी घायल हुए। एक आतंकवादी मारा गया। दो अन्य घायल अवस्था में अचेत हो गये। हमारी पुलिस की सावधानियों के कारण इस बड़े हमले को न्यूनतम नुकसान के साथ रोका गया।"इस्तांबुल के मुख्य लोक अभियोजक कार्यालय ने इस घटना की तुरंत जांच शुरू कर दी। अधिकारियों ने अभी तक संदिग्धों और मकसद के बारे में अधिक जानकारी नहीं दी है।
तुर्की गृह मंत्री मुस्तफा चिफ्तची ने कहा कि हमलावर इजमित से किराये की कार से इस्तांबुल पहुंचे थे।
श्री चिफ्तची ने 'एक्स' पर पोस्ट बयान में कहा, "यापी क्रेडी प्लाजा ब्लॉक्स के सामने ड्यूटी पर तैनात हमारे पुलिस अधिकारियों के साथ सशस्त्र संघर्ष में शामिल तीन व्यक्तियों को निष्क्रिय कर दिया गया है। हमारे दो वीर पुलिस अधिकारी को हल्की चोट आयी है। आतंकवादियों की पहचान कर ली गयी है। उनमें से एक ऐसे संगठन से जुड़ा है, जो धर्म का शोषण करता है। उनमें से दो भाई हैं। उनमें से एक के पास ड्रग का रिकॉर्ड है।"यह घटना दोपहर के आसपास ब्यूकडेरे स्ट्रीट पर हुई। इसके बाद पुलिस और चिकित्सा इकाइयों को तुरंत तैनात किया गया।इस्तांबुल में इजरायली वाणिज्य दूतावास में कोई इजरायली राजनयिक मौजूद नहीं था।
अनादोलू न्यूज के अनुसार, न्याय मंत्री अकिन गुरलेक ने पुष्टि की कि इस्तांबुल के मुख्य लोक अभियोजक कार्यालय ने तुरंत जांच शुरू कर दी है। एक उप मुख्य लोक अभियोजक और दो लोक अभियोजकों को इस मामले में लगाया गया है। वे घटनास्थल पर विस्तृत जांच कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित