वाशिंगटन , मार्च 13 -- अमेरिका ने गुरुवार को चार धर्मार्थ संस्थाओं पर हमास उग्रवादी समूह को गुप्त रूप से वित्तपोषित करने का आरोप लगाते हुए उन पर प्रतिबंध लगा दिए।
अमेरिकी वित्त विभाग ने कहा कि इन संगठनों ने मानवीय कार्यों की आड़ में धन जुटाया, लेकिन अंततः हमास की सैन्य शाखा इज्ज अल-दीन अल-कसम ब्रिगेड का समर्थन किया, जो इजरायल के खिलाफ हमलों के लिए जिम्मेदार है।
बयान में कहा गया, "ये कार्रवाई हमास द्वारा अपनी सैन्य शाखा के लिए अवैध धन जुटाने के लिए नागरिक संगठनों के शर्मनाक उपयोग को उजागर करती हैं। इसके साथ ही गाजा में आतंकवादी गतिविधियों का समर्थन करने वाले प्रमुख वित्तपोषण स्रोतों को बाधित करती हैं।"बयान में कहा गया, "हम यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं कि मानवीय सहायता विश्वसनीय और सुरक्षित संगठनों द्वारा वितरित की जाए और वैध फिलिस्तीनी हितों एवं क्षेत्र में स्थायी शांति को आगे बढ़ाने के अंतरराष्ट्रीय प्रयासों के समर्थन में हो।"अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने एक बयान में कहा, "हमास आतंकवादी अभियानों के समर्थन के लिए फर्जी चैरिटी का उपयोग अपनी सैन्य शाखा को वित्तपोषित करने के लिए कर रहा है। वित्त मंत्रालय हमास को अपने हिंसक उद्देश्यों के लिए धर्मार्थ संस्थाओं का दुरुपयोग करने की अनुमति नहीं देगा।"प्रतिबंधित चार संगठनों में तुर्की स्थित गाजी देस्तेक डर्नेगी, हयात योलू और फिलिस्तीनी व्हाइट हैंड्स असिस्टेंस एंड सॉलिडैरिटी एसोसिएशन के साथ-साथ इंडोनेशिया स्थित कोमिते नैशनल उंतुक रक्यात फिलिस्तीना शामिल हैं।
अमेरिकी अधिकारियों ने कहा कि ये समूह एक वैश्विक वित्तीय नेटवर्क का हिस्सा थे, जो हमास को धन भेजते थे। मंत्रालय ने हमास के आंतरिक दस्तावेजों के हवाले से बातया कि इनमें से कुछ संगठनों ने हमास समूह को लाभ पहुँचाने वाली निर्माण परियोजनाओं का समर्थन किया और इसके सदस्यों को वित्तीय सहायता प्रदान की।
इन प्रतिबंधों के तहत, अमेरिकी अधिकार क्षेत्र के भीतर नामित संगठनों से जुड़ी किसी भी संपत्ति को फ्रीज (जब्त) कर दिया गया है तथा अमेरिकी व्यक्तियों एवं संस्थानों को आम तौर पर उनके साथ लेनदेन करने से प्रतिबंधित किया गया है। किसी विदेशी वित्तीय संस्थानों को भी प्रतिबंधों का सामना करना पड़ सकता है यदि वे जानबूझकर इन संस्थाओं को लेनदेन की सुविधा प्रदान करते हैं।
हमास को पहली बार 2001 में एक कार्यकारी आदेश के तहत संयुक्त राज्य अमेरिका द्वारा एक आतंकवादी संगठन के रूप में नामित किया गया था और आव्रजन एवं राष्ट्रीयता अधिनियम के तहत एक विदेशी आतंकवादी संगठन के रूप में भी सूचीबद्ध किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित