, April 25 -- वाशिंगटन, 25 अप्रैल (स्पूतनिक/वार्ता) अमेरिका, रूस और ईरान से तेल और पेट्रोलियम उत्पादों की खरीदारी के लिए दी गयी छूट की अवधि को नहीं बढ़ाएगा।

यह बात अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने एसोसिएटेड प्रेस (एपी) से बातचीत में कही। उन्होंने कहा, "ईरानियों के लिए नहीं... हमने नाकेबंदी कर रखी है और वहां से कोई तेल बाहर नहीं आ रहा है। हमें लगता है कि अगले दो-तीन दिनों में उन्हें अपना उत्पादन बंद करने की प्रक्रिया शुरू करनी पड़ेगी, जो उनके तेल के कुओं के लिए बहुत बुरा होगा।"उन्होंने कहा कि वह रूस से पेट्रोलियम पदार्थों की खरीदारी के लिए दी गयी छूट को एक बार फिर बढ़ाने की कल्पना भी नहीं कर सकते। अमेरिक के विदेशी संपत्ति नियंत्रण कार्यालय ने मार्च में आम लाइसेंस जारी किए थे, जिनके तहत रूस और ईरान के उस तेल से जुड़े सभी लेन-देन को मंज़ूरी दी गयी थी, जो क्रमशः 11 अप्रैल और 19 अप्रैल तक जहाज़ों पर लादा जा चुका था। एनबीसी न्यूज़ ने 21 मार्च को अपनी रिपोर्ट में कहा था कि इससे ईरान को 14 अरब डॉलर से ज़्यादा की कमाई हो सकती है। श्री बेसेंट ने हालांकि बाद में इस अनुमान को "मनगढ़ंत बात" कहकर खारिज कर दिया था।

अमेरिका के वित्त विभाग ने 14 अप्रैल को कहा था कि वह ईरान के तेल पर लगी पाबंदियों में दी गयी छूट की समय-सीमा को खत्म होने देगा। विभाग ने 17 अप्रैल को रूस के उस तेल की बिक्री के लिए एक आम लाइसेंस जारी किया था, जो 17 अप्रैल तक जहाज़ों पर लादा जा चुका था। यह लाइसेंस 16 मई तक वैध रहेगा।

उल्लेखनीय है कि अमेरिका और इज़रायल ने 28 फरवरी को ईरान की राजधानी तेहरान सहित कई ठिकानों पर हमला किया था, जिससे जान-माल का नुकसान हुआ और आम नागरिक भी हताहत हुए। ईरान ने इसके जवाब में इज़रायली क्षेत्र और पश्चिम एशिया में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले किये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित