अमृतसर , जून 17 -- शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी के नेतृत्व में अमेरिका दौरे पर गये उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल का विभिन्न गुरुद्वारा साहिबानों में सम्मान किया गया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने संगतों के साथ विचार-विमर्श कर एसजीपीसी द्वारा किये जा रहे धार्मिक, शैक्षणिक और पंथक कार्यों की जानकारी साझा की।
प्रतिनिधिमंडल ने कैलिफोर्निया के लैथरोप स्थित दल बाबा बिधीचंद जी संप्रदा, गुरुद्वारा गुरमति प्रकाश मैनटिका, गुरुद्वारा गुरु नानक प्रकाश फ्रेज़नो और अन्य धार्मिक स्थलों पर माथा टेका। गुरुद्वारा प्रबंधकों ने एसजीपीसी अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रघुजीत सिंह विरक, मुख्य सचिव कुलवंत सिंह मन्नण, सदस्य भाई राजिंदर सिंह महिता, ओएसडी सतबीर सिंह तथा सचिव बलविंदर सिंह काहलवां का विशेष सम्मान किया। फ्रेज़नो स्थित गुरुद्वारा गुरु नानक प्रकाश में बुधवार को संगत को संबोधित करते हुए एडवोकेट धामी ने कहा कि विदेशों में बसे सिख समुदाय ने अपनी मेहनत, समर्पण और गुरु घर से जुड़े रहकर विश्वभर में सिख पहचान को स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि एसजीपीसी सिख धर्म के प्रचार-प्रसार, गुरमत सिद्धांतों के प्रसार तथा युवाओं को अपने विरसे और धार्मिक मूल्यों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयासरत है।
उन्होंने कहा कि दमदमी टकसाल ने भी सिख धर्म के प्रचार और पंथक कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है तथा शिरोमणि कमेटी को हमेशा सहयोग प्रदान किया है। लैथरोप में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एडवोकेट धामी ने बाबा अवतार सिंह सुरसिंह वाले की अगुवाई में दल बाबा बिधीचंद संप्रदा द्वारा की जा रही सेवाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि पंथक मामलों में इस संस्था का सहयोग हमेशा शिरोमणि कमेटी को मिलता रहा है और भविष्य में भी ऐसे सहयोग की अपेक्षा है।
उन्होंने यूबा सिटी में दिवंगत सरदार दीदार सिंह बैंस द्वारा उपलब्ध करायी गयी भूमि पर स्थापित किये जा रहे एसजीपीसी के प्रेस एवं धर्म प्रचार केंद्र के लिए स्थानीय सिख संगठनों और संगतों से सहयोग की अपील भी की।
इस अवसर पर स्थानीय सिख नेताओं और गुरुद्वारा प्रबंधकों ने एसजीपीसी द्वारा धार्मिक, पंथक और शैक्षणिक क्षेत्रों में निभाई जा रही सेवाओं की सराहना करते हुए संस्था को हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिया। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में संगतों ने भाग लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित