तेहरान , जून 07 -- ईरान ने कहा है कि अमेरिका के साथ चल रही वार्ताओं में सबसे बड़ी समस्या ट्रंप प्रशासन का लगातार बदलता और परस्पर विरोधाभासी रुख है, जिससे बातचीत की प्रक्रिया बेहद जटिल हो गयी है।

ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने रविवार को सीएनएन के वरिष्ठ अंतरराष्ट्रीय संवाददाता फ्रेडरिक प्लाइटगेन से तेहरान में बातचीत के दौरान कहा कि अमेरिका के साथ संदेशों का आदान-प्रदान अभी भी पाकिस्तानी मध्यस्थों के माध्यम से जारी है।

श्री बघाई ने कहा, "इस प्रशासन के साथ बातचीत की सबसे बड़ी समस्या यह है कि आपको लगातार बदलते रुख, लक्ष्य बदलने की प्रवृत्ति, अलग-अलग अधिकारियों के अलग और विरोधाभासी बयानों का सामना करना पड़ता है। इससे पूरी प्रक्रिया बेहद कठिन हो जाती है।"उन्होंने कहा कि वार्ता में कई विवादित मुद्दे हैं, लेकिन मुख्य प्रश्न यह है कि अमेरिका को ईरान के अधिकारों को स्वीकार करना होगा, जिसमें परमाणु अप्रसार संधि (एनपीटी) के तहत शांतिपूर्ण परमाणु संवर्धन का अधिकार भी शामिल है। श्री बघाई ने कहा, "जब वे हमारी अवरुद्ध संपत्तियों की बात करते हैं तो कोई रियायत देने को तैयार नहीं हैं।" ईरान लंबे समय से विदेशी बैंकों में जमी अपनी अरबों डॉलर की संपत्तियों को मुक्त कराने की मांग कर रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित