मुंबई , सितंबर 03 -- ंदिता रॉय और शिबोप्रसाद मुखर्जी की बहुप्रतीक्षित बंगाली फिल्म 'बोहरूपी: द गोल्डन डाकू' को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दर्शकों की उत्सुकता लगातार बढ़ रही है। अमेरिका में एडवांस बुकिंग शुरू होने के बाद अब ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में भी फिल्म की एडवांस बुकिंग शुरू हो गई है।दुर्गा पूजा 2026 के दौरान रिलीज होने जा रही इस फिल्म को लेकर भारत के साथ विदेशों में बसे बंगाली दर्शकों के बीच भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। निर्माताओं के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजारों में शुरू हुई एडवांस बुकिंग फिल्म की बढ़ती लोकप्रियता का संकेत है।
बड़े कैनवास, हाई-स्टेक्स कहानी और 'बोहरूपी' यूनिवर्स की वापसी के साथ फिल्म में एक्शन, इमोशन और मिस्ट्री का मिश्रण देखने को मिलेगा। शिबोप्रसाद मुखर्जी फिल्म में एक कुख्यात डाकू की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि जीशु सेनगुप्ता दमदार पुलिस अधिकारी के किरदार में नजर आएंगे। सोहिनी सरकार एक बार फिर झिमली की भूमिका में वापसी कर रही हैं।
अपनी फिल्म को मिल रहे अंतरराष्ट्रीय रिस्पॉन्स पर नंदिता रॉय और शिबोप्रसाद मुखर्जी ने कहा कि अमेरिका में एडवांस बुकिंग शुरू होने के बाद ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में भी बुकिंग शुरू होना उनके लिए बेहद खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि यह पहली बार है जब उनकी किसी फिल्म को इस तरह का अंतरराष्ट्रीय रिस्पॉन्स मिल रहा है। उन्होंने बंगाली सिने क्लब ऑस्ट्रेलिया के सहयोग के लिए आभार भी जताया।
निर्माताओं का कहना है कि भारत में रिलीज से पहले ही फिल्म को विदेशों में मिल रहा उत्साह यह दिखाता है कि 'बोहरूपी: द गोल्डन डाकू' की कहानी बंगाल और भारत की सीमाओं से आगे भी दर्शकों तक पहुंच रही है। दुर्गा पूजा के अवसर पर रिलीज होने वाली यह फिल्म अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी दर्शकों को आकर्षित करने के लिए तैयार है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित