टेक्सॉस , अगस्त 14 -- अमेरिका के टेक्सॉस प्रांत की एक फेडरल अदालत ने अपने एक ऐतिहासिक फैसले में छोटी बैरल वाली राइफलों और छोटी बैरल वाली शॉटगन पर लगे केंद्रीय नियंत्रण को समाप्त कर दिया है। इस फैसले के बाद टेक्सास सहित 15 अमेरिकी राज्यों में बंदूकों से जुड़े कई कड़े नियमों में ढील आ गयी है।

फॉक्स न्यूज के अनुसार जज जेम्स वेस्ली हेड्रिक्स की अदालत ने निर्णय दिया है कि नागरिकों पर साइलेंसर और छोटी बैरल वाले हथियारों के पंजीकरण और सरकारी मंजूरी संबंधी पुराने नियम असंवैधानिक हैं। इस फैसले का आशय यह हुआ कि इसके तहत संबंधित राज्यों के निवासियों को ऐसे हथियार या उपकरण खरीदने के लिए अब महीनों लंबी नौकरशाही प्रक्रिया, बायोमेट्रिक्स और विशेष पंजीकरण से नहीं गुजरना पड़ेगा।

अदालत ने अपने फैसले में 1934 के 'नेशनल फायरआर्म्स एक्ट' के संवैधानिक आधार को लिया। अदालत ने माना कि यह कानून मूल रूप से सरकार की टैक्स वसूली की शक्ति पर आधारित था, जिसके तहत 200 डॉलर का टैक्स लिया जाता था। लेकिन जब हालिया कानून के जरिए यह टैक्स घटाकर शून्य कर दिया गया, तो टैक्स वसूली के नाम पर नागरिकों पर पंजीकरण और अनुमति की बाध्यता थोपना असंवैधानिक हो जाता है।

इस फैसले का बंदूक रखने के अधिकार से जुड़े संगठनों ने पुरजोर स्वागत किया है और इसे अमेरिकी संविधान के तहत नागरिकों को मिले अधिकारों की बड़ी जीत बताया है। दूसरी ओर,बंदूक नियंत्रण के समर्थकों और सार्वजनिक सुरक्षा समूहों ने गहरी चिंता जताते हुए कहा है कि बिना पंजीकरण साइलेंसर और आसानी से छिपाए जा सकने वाले हथियारों की खुली बिक्री से पुलिस जांच और सार्वजनिक सुरक्षा प्रभावित हो सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित